बिहार चुनाव के नतीजों से शेयर बाजार लड़खड़ाया, सेंसेक्स 360 अंक गिरा

0
16

नई दिल्ली। Stock Market Update: एशियाई बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (14 नवंबर) को गिरावट में खुले। वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर घरेलू बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है। साथ बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर स्पष्ट तस्वीर से पहले निवेशक सतर्क बने हुए हैं।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंक की गिरावट लेकर 84,060 पर खुला। खुलते ही यह 84,316 अंक तक फिसल गया था। सुबह 9:30 बजे यह 253.68 अंक या 0.30 फीसदी की गिरावट लेकर 84,224.99 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 25,767.90 पर खुला। शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद इंडेक्स में कुछ रिकवरी देखने को मिली। सुबह 9:33 बजे यह 20.90 अंक या 0.08 फीसदी गिरकर 25,858.25 पर कारोबार कर रहा है।

शुरुआती रुझानों में एनडीए 155 सीटों पर आगे चल रही है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 360 अंकों की गिरावट के साथ 84117 पर पहुंच गया है।

एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी भी अब 112 अंक नीचे 25766 पर है। सेंसेक्स टॉप लूजर्स की लिस्ट में इन्फोसिस, टाटा मोटर्स सीवी, टेक महिंद्रा, आईसीआईसी बैंक, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस हैं। टॉप गेनर्स में अडानी पोर्ट्स, ईटर्नल, सन फारमा, एशियन पेंट्स, स्टेट बैंक हैं।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
वॉल स्ट्रीट की कमजोरी के चलते एशियाई बाजारों में गिरावट देखने को मिली। टेक्नोलॉजी शेयरों पर नए सिरे से दबाव बढ़ा और फेडरल रिजर्व की संभावित दर कटौती को लेकर अनिश्चितता बनी रही। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.5 प्रतिशत नीचे था। दक्षिण कोरिया का KOSPI 2.03 प्रतिशत गिरा और हांगकांग का हैंग सेंग 1.23 प्रतिशत नीचे था।

अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। एआई से जुड़े शेयरों में गिरावट ने बाज़ार पर दबाव बढ़ा दिया और वैल्यूएशन को लेकर चिंताएं बनी रहीं। S&P 500 में 1.7 प्रतिशत की गिरावट आई। नैस्डैक कम्पोज़िट 2.3 प्रतिशत टूटा और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.7 प्रतिशत गिरा।