नई दिल्ली। Stock Market Closed : इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर दुनिया भर के बाजारों समेत भारतीय शेयर बाजारों पर भी पड़ा। कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि की आशंका से इंडेक्स में भारी भरकम वजन रखने वाले शेयर रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली देखी गई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस जैसी हैवीवेट शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज मामूली बढ़त के साथ 81,869.47 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 81,890 अंक के हाई लेवल और 81,796.15 अंक के नीचले स्तर तक गया। अंत में यह 212.85 अंक या 0.26% की गिरावट लेकर 81,583.30 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट में बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 24,977.85 अंक तक फिसल गया था। अंत में यह 93.10 अंक या 0.37 फीसदी की गिरावट लेकर 24,853 पर बंद हुआ।
बाजार के 13 प्रमुख सेक्टरों में से 12 लाल निशान में बंद हुए। स्मॉलकैप और मिडकैप में लगभग 0.7% की गिरावट आई। टाटा मोटर्स में 1.7% की गिरावट आई। पिछले सेशन में स्टॉक में 3.6% की गिरावट आई थी। कई ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026 के लिए जेएलआर मार्जिन गाइडेंस को बाजार की उम्मीदों से कम बताया। इसके चलते शेयर में गिरावट आई।

