बाजार लाल निशान पर खुले; सेंसेक्स 350 अंक गिरा, निफ्टी 25200 के नीचे

0
15

नई दिल्ली। Stock Market Update : वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन यानी सोमवार (13 अक्टूबर) को गिरावट में खुले। ट्रंप के 1 नवंबर से चीन पर अतिरिक्त 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा के चलते वैश्विक बाजारों में गिरावट आई। इसका असर घरेलू बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 400 से ज्यादा अंक की गिरावट लेकर 82,049.16 पर खुला। खुलते ही इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह 9:23 बजे यह 310.92 अंक या 0.38 फीसदी की गिरावट लेकर 82,189.90 पर चल रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 25,177 पर पर खुला। सुबह 9 :25 बजे यह 68.85 अंक या 0.27 फीसदी की गिरावट लेकर 25,219 पर कारोबार कर रहा था।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
शुक्रवार को ट्रंप ने ऐलान किया कि 1 नवंबर से चीन पर अतिरिक्त 100 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि चीन लगभग सभी उत्पादों पर व्यापक निर्यात प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक “नैतिक अपमान” करार दिया।

ट्रंप ने कहा कि चीन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एक शत्रुतापूर्ण पत्र भेजा और लगभग सभी उत्पादों पर व्यापक निर्यात नियंत्रण की घोषणा की। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय व्यापार में “अपूर्व” और लंबे समय से योजनाबद्ध रणनीति बताया।

निवेशक चीन से आयात/निर्यात डेटा पर नजर रखे हुए हैं। वहीं, भारत में D-Street निवेशक सितंबर 2025 की महंगाई (इन्फ्लेशन) डेटा का इंतजार कर रहे हैं। एशियाई बाजारों सोमवार को लाल रंग में रहे, चीन और अमेरिका के बीच ट्रेड तनाव बढ़ने के बाद। दोनों देशों ने नए व्यापार प्रतिबंध लगाए और आपस में आरोप-प्रत्यारोप जारी रखा।

  • दक्षिण कोरिया का Kospi 2.35% गिरा
  • ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 0.68% गिरावट में रहा
  • जापान के बाजार सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद थे

वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक S&P 500 और Nasdaq Composite में अप्रैल के बाद सबसे बड़ी एकल-दिन की गिरावट देखी गई। क्रमशः 2.71% और 3.56% नीचे आए। यह गिरावट अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड विवाद बढ़ने के बाद आई, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से आयात पर 1 नवंबर से 100% शुल्क लगाने की घोषणा की।