बाजार में हाहाकार; सेंसेक्स 1235 अंक टूट कर बंद, निवेशकों के 8.5 लाख करोड़ स्वाहा

0
61

नई दिल्ली। Stock Market Closed : शेयर बाजार मंगलवार को भारी गिरावट के साथ बंद होने से हाहाकार मच गया। निवेशकों के 8.5 लाख करोड़ स्वाहा हो गए। सेंसेक्स 1.60 प्रतिशत यानी 1235.08 अंक लुढ़ककर 75,838.36 और निफ्टी 320.10 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,024.65 पर बंद हुआ।

बता दें, निफ्टी-50 का इंट्रा-डे लो लेवल 22,976.85 अंक और सेंसेक्स का इंट्रा-डे लो लेवल 75,641.87 अंक रहा है। सेंसेक्स में आज 30 में से 28 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ है। जोमैटो के शेयर 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ है।

कारोबार की शुरुआत हरे निशान में करने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार मंगलवार (21 जनवरी) को बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए। जोमैटो, अदाणी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील और भारती एयरटेल जैसे हैवी वेटेज स्टॉक्स में भारी बिकवाली ने बाजार को नीचे खींचा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मंगलवार को लगभग 200 अंक चढ़कर 77,261 पर खुला। थोड़ी देर बाद में यह लाल निशान में फिसल गया था। कारोबार के दौरान यह 75,641 तक फिसल गया था। अंत में सेंसेक्स 1235 अंक या 1.60% गिरकर 75,838.36 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी50 (Nifty50) भी मजबूती के साथ खुला था। हालांकि, बाद में यह भी लाल निशान में फिसल गया। इंट्राडे ट्रेड में यह 22,976.85 तक फिसल गया था। अंत में निफ्टी 320 अंक या 1.37% की बड़ी गिरावट लेकर 23,024.65 पर बंद हुआ।