नई दिल्ली। Stock Market Update : अमेरिकी शेयर मार्केट में हाहाकार के बाद घरेलू शेयर मार्केट में भी हाहाकार मची हुई है। आज सेंसेक्स 1,350 पॉइंट्स से अधिक गिरकर 81,934 के इंट्राडे लो पर आ गया था। बाजार में आई इस गिरावट के चलते निवेशकों की संपत्ति में लगभग 6.3 लाख करोड़ रुपये की कमी आई और बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 469 लाख करोड़ रुपये से घटकर 462 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।
अभी यह 1157 अंक नीचे 82136 पर है। जबकि NSE का निफ्टी 50 सेशन के दौरान 1.5% गिरकर 25,327 पर था। अब यह 325 अंक नीचे 25387 पर है।
सेंसेक्स के सभी आईटी स्टॉक्स में गिरावट है। एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस टॉप लूजर हैं। अमेरिकी शेयर मार्केट में हाहाकार के बाद घरेलू शेयर मार्केट भी गिरावट के साथ खुला। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 242 अंकों के नुकसान के साथ 83052 पर खुला। दूसरी ओर एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 71 अंकों की गिरावट के साथ 25641 के लेवल पर खुला।
आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव
आज के कारोबार में आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट प्रमुख रही। HCL Technologies, Tech Mahindra और Infosys के शेयर करीब 2 प्रतिशत तक लुढ़क गए। इसके अलावा Eternal में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में टेक कंपनियों को लेकर बनी अनिश्चितता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े संभावित जोखिमों की चर्चा का असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी पड़ रहा है।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
अमेरिका में बिकवाली, एशिया में मिलाजुला रुख
अमेरिका में टैरिफ नीति को लेकर अब भी अनिश्चितता है और भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहे हैं, जिसका सीधा असर वॉल स्ट्रीट पर देखा गया। सोमवार रात को अमेरिकी बाजार में भारी बिकवाली हुई। डॉऊ जोन्स 821 अंक टूट गया, जबकि S&P 500 और नैस्डैक भी 1% से ज्यादा फिसल गए। खासकर टेस्ला और एएमडी जैसी बड़ी टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई, हालांकि एनवीडिया के शेयर हल्की बढ़त में रहे।
इसका असर एशिया पर भी पड़ा और मंगलवार सुबह यहां मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान का निक्की 0.77% की तेजी के साथ खुला, लेकिन दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.1% से ज्यादा लुढ़क गया। हांगकांग का हैंग सेंग भी कमजोरी के संकेत दे रहा है।

