नई दिल्ली। Stock Market Update: भारत पर 25 फीसद टैरिफ और जुर्माने के ट्रंप के ऐलान के बाद आज महीने के आखिरी कारोबारी दिन गुरुवार 31 जुलाई को घरेलू शेयर मार्केट में सुनामी आ गई है।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 786 अंकों की गिरावट के साथ 80695 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 ने गिरावट के दोहरे शतक से आज के दिन की शुरुआत की। निफ्टी 212 अंक नीचे 24642 पर खुला।
सेंसेक्स 786 अंकों की गिरावट के साथ 80695 के लेवल पर खुला और अब 582 अंक नीचे 80899 के लवल पर है। सेंसेक्स में केवल महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर ही हरे निशान पर हैं और इनमें दो फीसद से अधिक की तेजी है।
एयरटेल सेंसेक्स टॉप लूजर है। निफ्टी 179 अंक नीचे 24675 पर है। मिड कैप और स्मॉल कैप इंडेक्स भी लाल है। निफ्टी एफएमसीजी में मामूली तेजी है। जबकि, आईटी से फार्मा तक सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल हैं।
ग्लोबल मार्केटस के संकेत
एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर इंडेक्स गिरावट में हैं। हांगकांग का हैंग सेंग और चीन का CSI 300 इंडेक्स सबसे ज्यादा नुकसान में रहे, क्योंकि टैरिफ लागू होने की समयसीमा करीब आती जा रही है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारत पर निशाना साधते हुए कहा है कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ लगाने वाले देशों में शामिल है और इसके व्यापारिक नियम “कठोर और आपत्तिजनक” हैं। ट्रंप ने भारत द्वारा रूस से ऊर्जा आयात को लेकर और प्रतिबंधों की भी चेतावनी दी है। नई टैरिफ व्यवस्था के तहत भारत पर सबसे ऊंची दर लगाई गई है। वियतनाम पर 20%, इंडोनेशिया पर 19%, जापान पर 15% और ब्राज़ील को 50% टैरिफ से अस्थायी राहत दी गई है।

