नई दिल्ली। Stock Market Closed: हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 283.29 अंक या 0.34 प्रतिशत चढ़कर 83,734.25 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 93.95 अंक या 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (18 फरवरी) को बढ़त में बंद हुए। मेटल और सरकारी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला। जेपी मॉर्गन के सकारात्मक रुख के चलते SAIL, टाटा स्टील, JSW और जिंदल स्टील के शेयरों में बढ़त देखी गई।
हालांकि, आईटी शेयरों में लगातार जारी बिकवाली ने बढ़त को सीमित कर दिया। इसके अलावा इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में तेजी ने भी बाजार को ऊपर की तरफ खींचा।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 100 से ज्यादा अंक चढ़कर 83,553 पर खुला। कारोबार के दौरान इंडेक्स में उतार-चढ़ाव हावी रहा। लेकिन अंत में 283.29 अंक या 0.34 प्रतिशत की बढ़त लेकर 83,734.25 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 25,752 पर खुला और खुलने के कुछ देर में 25,700 के नीचे फिसल गया। कारोबार के दौरान ज्यादातर समय यह सपाट रहा। लेकिन अंत में 93.95 अंक या 0.37 फीसदी की वृद्धि लेकर 25,819 पर बंद हुआ।
टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा बढ़ने वालों में रहे। इनमें 2.8 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, इटरनल, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक और टीसीएस सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे। ये 1.6 प्रतिशत तक नीचे कारोबार करते दिखे।
बाजार के बाकी हिस्सों की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100 में 0.5 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.54 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इस बीच, बाजार में उतार-चढ़ाव को दिखाने वाला डर सूचकांक इंडिया वीआईएक्स बुधवार को बाजार बंद होने तक 3.5 प्रतिशत गिर गया।
सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.33 प्रतिशत चढ़ा, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.3 प्रतिशत बढ़ा और निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 1.2 प्रतिशत ऊपर रहा। वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.23 प्रतिशत फिसल गया।

