नई दिल्ली। Stock Market Closed: बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। लगातार पांचवें कारोबारी दिन बढ़त के साथ, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 213.45 अंक या 0.26 प्रतिशत उछलकर 81,857.84 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 69.90 अंक या 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,050.55 पर आ गया।
आईटी स्टॉक्स में खरीदारी से प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी50 और सेंसेक्स में लगातार पांचवें सेशन में बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, निवेशक अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता से जुड़े स्पष्ट संकेतों से पहले सतर्क रुख अपना रहे हैं।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मजबूती के साथ 81,671 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 81,985 अंक तक चढ़ गया था। अंत में यह 213.45 अंक या 0.26 फीसदी की बढ़त लेकर 81,857.84 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty50) भी मजबूती के साथ 24,965 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 24,929 अंक के लो और 25,088 अंक के हाई लेवल तक गया। अंत में यह 69.90 अंक या 0.28 प्रतिशत चढ़कर 25,050 पर बंद हुआ।
टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में आधे शेयर लाल निशान जबकि आधे शेयर हरे निशान में रहे। इन्फोसिस में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली। दिग्गज आईटी स्टॉक करीब 4 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। इसका इंडेक्स में 165 अंक का सबसे बड़ा योगदान रहा। साथ ही टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एचसीएल टेक प्रमुख रूप से बढ़त में रहे।
दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर सबसे ज्यादा गिरावट में रहने वाले शेयर रहा। इसमें 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, ट्रेंट लिमिटेड, आईटीसी और बजाज फिनसर्व गिरावट में रहे।
ब्रोडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.4 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सेक्टोरल मोर्चे पर बीएसई आईटी इंडेक्स में 2.6 प्रतिशत और रियल्टी इंडेक्स में 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। कुल मिलाकर बाजार का रुख सकारात्मक रहा। बीएसई पर 2,347 शेयरों में तेजी रही जबकि 1,718 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

