नई दिल्ली। Stock Market Closed: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ बंद हुए। 30 संवेदी सूचकांक शुक्रवार को 0.32 प्रतिशत या फिर 266.47 अंक की उछाल के साथ 83,580.40 अंक पर और निफ्टी 50.90 अंक या फिर 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 25693.70 अंक पर बंद हुआ है।
तीस शेयरों वाला बीएसई (BSE Sensex) मामूली गिरावट लेकर 83,249.32 पर खुला और यह खुलते ही इसमें गिरावट देखने कोई मिली। हालांकि, बाद में इंडेक्स में कुछ रिकवरी देखी गई और अंत में 266.47 अंक या 0.32% की बढ़त लेकर 83,580.40 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 25,605 पर खुला और खुलते ही 25600 के नीचे फिसल गया। हालांकि, कारोबार में अंत में इंडेक्स में रिकवरी देखी गई और यह 50.90 अंक या 0.20 फीसदी की बढ़त के साथ 25,693.70 पर बंद हुआ।
टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
आईटीसी, कोटक बैंक, एचयूएल, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयर रहे। वहीं टीसीएस, टेक महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, इटरनल और एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे। ब्रोडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स क्रमशः 0.02% और 0.27% नीचे बंद हुए।
एनएसई पर सेक्टोरल इंडेक्स में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। निफ्टी आईटी इंडेक्स सबसे कमजोर रहा और 1.47% गिरकर बंद हुआ। फार्मा, ऑटो, मेटल, रियल्टी और मीडिया इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं निफ्टी एफएमसीजी सबसे ज्यादा बढ़ने वाला सेक्टर रहा, जो 2.2% चढ़ा।
रेपो रेट 5.25% पर बरकरार
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने शुक्रवार (6 फरवरी) को रेपो रेट पर अपने फैसले का एलान कर दिया। समिति ने मौजूदा परिस्थितियों पर गौर करते हुए प्रमुख नीतिगत दर रीपो रेट (Repo Rate) को 5.25% पर बरकरार रखने का फैसला किया। यह समिति की चालू वित्त वर्ष की अंतिम द्विमासिक द्विमासिक मॉनेटरी पॉलिसी है।
आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति ने 4 से 6 फरवरी के बीच हुई अपनी पॉलिसी मीटिंग में ‘न्यूट्रल’ रुख बरकरार रखा। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने पॉलिसी बैठक के बाद इस निर्णय की घोषणा की। बता दें कि फरवरी 2025 से अब तक ब्याज दरों में 100 बेसिस पॉइंट की कटौती की जा चुकी है।

