मुंबई। मुनाफावसूली से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 746 अंकों की भारी गिरावट के साथ 48,878.54 पर बंद हुआ है। इससे पहले 21 दिसंबर 2020 को सेंसेक्स 1406 अंक नीचे बंद हुआ था। इसी के साथ ही 11 हफ्तों से लगातार जारी सप्ताहिक बढ़त भी थम गई। इससे पहले इस तरह की साप्ताहिक बढ़त 2009 में देखने को मिली थी।
सेंसेक्स इंडेक्स में एक्सिस बैंक का शेयर टॉप लूजर रहा, जो 4.40% नीचे बंद हुआ है। 22 जनवरी को बाजार की गिरावट में बैंकिंग और मेटल शेयर सबसे आगे रहें। BSE पर 3,117 शेयरों में कारोबार हुआ। 984 शेयर बढ़त और 1,996 गिरावट के साथ बंद हुए हैं। यानी 64% शेयर नीचे बंद हुए हैं। भारी गिरावट के चलते एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी घटकर 194.42 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह गुरुवार को 196.51 लाख करोड़ रुपए था।
निफ्टी 14,400 के नीचे बंद
NSE का निफ्टी इंडेक्स भी 218.45 अंक नीचे 14,371.90 पर बंद हुआ है। इसमें एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में 4-4% से ज्यादा की गिरावट रही। इसके अलावा JSW स्टील, ICICI बैंक और हिंडाल्को के शेयरों में भी 3.97% तक की गिरावट दर्ज की गई। NSE पर निफ्टी बैंक इंडेक्स 3.17% यानी 1,019 अंक और मेटल इंडेक्स 3.89% भी नीचे बंद हुए हैं। वहीं, ऑटो सेक्टर में खरीदारी के चलते निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.43% ऊपर बंद हुआ है। इसमें बजाज ऑटो का शेयर कल के बंद भाव से 11.23% ऊपर बंद हुआ है। हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में 3.99% की बढ़त रही। IT इंडेक्स में इन्फोएज का शेयर 3% ऊपर बंद हुआ है।
बाजार में भारी गिरावट की बड़ी वजह
- वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर रहा। इसमें जापान, चीन, हॉन्गकॉन्ग के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपिन मार्केट भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
- शेयर बाजार के प्रमुख शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, HDFC, HDFC बैंक, SBI सहित इंफोसिस शामिल हैं।
- रिकॉर्ड हाई पर कारोबार कर रहे बाजार में निवेशकों ने मुनाफावसूली की। यानी निवेशकों ने ऊंचे भाव पर शेयर बेचकर मुनाफा कमाया।
- बजट से पहले निवेशक नर्वस हैं। माना जा रहा है एक फरवरी को पेश होने वाला बजट शेयर बाजार के लिहाज से अच्छा नहीं होगा। इसमें नए टैक्स के प्रावधान किए जा सकते हैं।
एशियाई बाजारों में दबाव
शुक्रवार को एशियाई बाजारों गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.39%, हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 1.57% और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.40% नीचे बंद हुआ है। इसी तरह कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 0.64% नीचे बंद हुआ है। इससे पहले गुरुवार को यूरोप के शेयर बाजारों में भी गिरावट रही थी। इसमें ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के शेयर मार्केट शामिल हैं, जबकि राहत पैकेज की उम्मीद से अमेरिकी शेयर बाजारों में नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए थे।

