कोटा महोत्सव के जरिए पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक बुधवार को फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 21-22 फरवरी को होने वाले ‘कोटा महोत्सव’ में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर माहेश्वरी ने कहा कि गत वर्ष फेडरेशन द्वारा देश के 10 बड़े महानगरों में किए गए रोड शो और प्रभावी प्रचार-प्रसार का ही परिणाम था कि कोटा को ‘हाड़ौती ट्रैवल मार्ट’ जैसे बड़े आयोजन की मेजबानी मिली।
जिसमें 26 राज्यों के 1200 से अधिक टूर ऑपरेटर्स और इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए। उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा महोत्सव ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध पर्यटन स्थलों को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कोटा महोत्सव की गूँज देशभर में पहुँचाने के लिए कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ की इकाइयां एकजुट होकर कार्य करेंगी। फेडरेशन के सदस्य देश भर के टूर ऑपरेटरों के माध्यम से पर्यटकों को इस महोत्सव के लिए आमंत्रित करेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चंबल गार्डन एवं किशोर सागर का सौंदर्यीकरण, मथुराधीश जी कॉरिडोर, केशोरायपाटन में चंबल तट का विकास, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण और रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाना हाड़ौती के पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
पर्यटन विकास के लिए बजट में 25 करोड़ रुपये की घोषणा से इस क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है। बैठक में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के साथ मिलकर इस आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प लिया गया।
फेडरेशन के मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा, उपाध्यक्ष नदीम अंसारी, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, तरुण चतुर्वेदी, अंकित मक्कड़ सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने महोत्सव के प्रत्येक कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और हाड़ौती की पर्यटन संपदा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का निर्णय लिया।

