नई दिल्ली। Stock Market Closed : भारत-अमेरिका ट्रेड डील पूरी होने के बाद घरेलू बाजार में हरियाली देखने को मिली। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में दो प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। मंगलवार (3 फरवरी) को 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2072.67 अंक या 2.54 प्रतिशत चढ़कर 83,739.13 अंक पर बंद हुआ।
वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ। दोपहर के सत्र में शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत बैंकिंग और अदाणी स्टॉक्स में जोरदार उछाल से बाजार को सपोर्ट मिला। इसके अलावा रुपये में मजबूती और विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने भी बाजार को सपोर्ट दिया। इसी के साथ बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 और सेंसेक्स पिछले दो ट्रेडिंग सेशन में करीब 3.5 प्रतिशत चढ़ गए हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत के साथ बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील का एलान कर दिया। इस समझौते के तहत भारतीय सामानों पर लगाया जाने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 4000 अंक से ज्यादा बढ़त के साथ 85,323 अंक पर खुला और खुलते ही इसमें और बढ़त देखी गई। हालांकि, बाद में इंडेक्स जोरदार तेजी के साथ एक सिमित दायरे में कारोबार रहा। अंत में 2072.67 अंक या 2.54 प्रतिशत बढ़कर 83,739.13 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी 4 प्रतिशत उछलकर 26,308 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान ज्यादातर समय यह लगभग 700 अंक की बढ़त लेकर ट्रेड करता रहा। अंत में 639.15 अंक या 2.55 फीसदी की मजबूती के साथ 25,727.55 पर बंद हुआ।
जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड में रिसर्स हेड विनोद नायर ने कहा, ”भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। इसकी बड़ी वजह लंबे समय से इंतजार की जा रही भारत-अमेरिका ट्रेड डील और रुपये में मजबूती रही, जिससे विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी की उम्मीदें बढ़ीं।
अमेरिका के भारतीय सामानों पर टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने से उभरते बाजारों के बीच भारत की प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत हुई है। इससे उन निर्यात-आधारित क्षेत्रों के लिए माहौल बेहतर हुआ है, जिनकी अमेरिका में अच्छी मौजूदगी है, जैसे कपड़ा, सी फूड्स, रत्न एवं आभूषण और फार्मा। इन क्षेत्रों को 2026 के केंद्रीय बजट में भी समर्थन मिला है।”
उन्होंने कहा, ”कुल मिलाकर बाजार की धारणा अब साफ तौर पर सकारात्मक हो गई है। वैश्विक व्यापार से जुड़े जोखिम कम हुए हैं और अमेरिका-ईरान तनाव में भी नरमी आई है।
आगे चलकर बाजार का फोकस तीसरी तिमाही के कॉरपोरेट नतीजों पर रह सकता है, हालांकि अब तक नतीजे अनुमान से कमजोर रहे हैं। लेकिन टैरिफ जोखिम कम होने के चलते आगे चलकर कमाई के अनुमानों में सुधार की उम्मीद है, जिससे बाजार में सकारात्मक रुख बना रह सकता है।”
टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स सबसे ज्यादा 9 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावरग्रिड सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, रिलायंस, एलएंडटी एक्सिस बैंक और टाइटन प्रमुख रूप से लाभे में रहे। दूसरी तरफ, सिर्फ टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर लाल निशान में रहे।
सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। इनमें सबसे आगे निफ्टी रियल्टी इंडेक्स रहा, जो 4 प्रतिशत से ज्यादा उछला। निफ्टी केमिकल, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में भी 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई।
ब्रोडर मार्केटस में भी यही सकारात्मक रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.84 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 2.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा
ट्रेड डील की घोषणा के बाद बाजार में आई जोरदार तेजी से निवेशकों की वेल्थ में जोरदार इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 4,67,10,197 करोड़ रुपये हो गया। जबकि सोमवार को बाजार बंद होने के बाद यह 45,435,628 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह, निवेशकों की वेल्थ में 12,74,569 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

