Friday, April 10, 2026
Home Blog Page 4642

नई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 5 जुलाई को पेश करेंगी बजट

नई दिल्ली।मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट 5 जुलाई को पेश होगा। नवनियुक्त वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2019-20 का पूर्ण बजट लोकसभा में 5 जुलाई को पेश करेगी। आम चुनावों के मद्देनजर चालू वित्त वर्ष का अंतरिम बजट फरवरी में तत्कालीन वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने पेश किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अपनी पहली बैठक में 17वीं लोकसभा का बजट सत्र सोमवार 17 जून से बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह सत्र शुक्रवार 26 जुलाई 2019 तक चलेगा। राज्यसभा का सत्र 20 जून को शुरू होगा और 26 जुलाई तक चलेगा।

वित्त वर्ष 2019-20 का पूर्ण बजट 5 जुलाई को सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा। इस सत्र में 19 जून को लोकसभा अध्यक्ष का भी चुनाव होगा। आधिकारिक बयान के अनुसार राष्ट्रपति से दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को केंद्रीय कक्ष में 20 जून को संबोधित करने का आग्रह किया जाएगा।

48MP पॉप-अप रोटेटिंग कैमरे के साथ लॉन्च होगा सैमसंग गैलेक्सी A80

नई दिल्ली।साउथ कोरिया की कंपनी सैमसंग ने कन्फर्म किया है कि वह भारत में 11 जून को अपना नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy M40 लॉन्च करेगी। खबर है कि अब कंपनी गैलेक्सी M40 के साथ इसी दिन इवेंट में Galaxy A80 से भी पर्दा उठा सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो गैलेक्सी A80 मई-जून तक भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध भी हो जाएगा।

ब्लैक, गोल्ड और वाइट कलर में आने वाले गैलेक्सी A80 की कीमत 45,000 के आस-पास रुपये होगी। स्मार्टफोन का स्लाइडर मैकनिजम और रोटेटिंग कैमरा गैलेक्सी A80 के डिजाइन को यूनीक बनाते हैं।

Samsung Galaxy A80 के स्पेसिफिकेशन्स और डिजाइन
सैमसंग गैलेक्सी A80 स्मार्टफोन में 6.7 इंच का फुल HD+ सुपर ऐमोलेड इनफिनिटी डिस्प्ले है, जिसका रेजॉलूशन 2400X1080 पिक्सल है। बिना नॉच वाले इस फोन में स्नैपड्रैगन 730G ऑक्टा कोर प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी घोषणा क्वॉलकम ने हाल ही में की थी। एक तरह से देखा जाए तो 730G चिप के साथ आने वाला यह कंपनी का पहला फोन है।

ऐंड्रॉयड 9 पाई बेस्ड वन यूआई पर चलने वाले सैमसंग गैलेक्सी A80 में 8GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है। हालांकि, मेमरी बढ़ाने के लिए माइक्रोएसडी कार्ड का स्लॉट नहीं दिया गया है। ड्यूल सिम कार्ड सपॉर्ट के साथ आने वाले इस फोन में 3700mAh बैटरी दी गई है।

यह कंपनी का पहला फोन है जिसमें 48 मेगापिक्सल का सेंसर दिया गया है। गैलेक्सी A80 में ट्रिपल लेंस कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन में f/2.0 के साथ 48 मेगापिक्सल का मेन सेंसर, 8 मेगापिक्सल का 123 डिग्री अल्ट्रावाइड सेंसर और एक ToF डेप्थ सेंसर दिया गया है। फोन के डिस्प्ले पर एक अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट स्कैनर भी है।

T-Series बना 10 करोड़ सब्सक्राइबर्स वाला दुनिया का पहला यूट्यूब चैनल

भारत की म्यूजिक कंपनी T-Series का यूट्यूब चैनल पर 10 करोड़ सब्सक्राइबर के साथ दुनिया का सबसे बड़ा यूट्यूब चैनल बन गया है। सब्सक्राइबर की लड़ाई में टी-सीरीज ने गेम कॉमेंटेटर चैनल PewDiePie को पीछे छोड़ा है। टी-सीरीज के पास इस समय 10 करोड से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए हैं। इसकी जानकारी टी-सीरीज ने खुद ट्वीट करके दी है। वहीं इस उपलब्धि पर यूट्यूब ने भी टी-सीरीज को ट्वीट करके बधाई दी है।

बता दें कि टी-सीरीज और प्यूडीपाई की नंबर 1 की लड़ाई पिछले 8 महीने से चल रही थी। पिछले साल अक्टूबर में दोनों यूट्यूब चैनल्स के पास 6.7 करोड़ सब्सक्राइबर थे। इसके बाद इसी साल मार्च में टी-सीरीज ने 1 लाख सब्सक्राइबर के साथ प्यूडीपाई को पीछे छोड़ा था।

मार्च के बाद सिर्फ दो महीने में टी-सीरीज ने प्यूडीपाई को पीछे छोड़ते हुए 10 करोड़ सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं बता दें कि पहले 5 करोड़ सब्सक्राइबर का रिकॉर्ड प्यूडीपाई के पास ही है। खबर लिखे जाने तक टी-सीरीज के पास 100,213,512 और प्यूडीपाी के पास 96,258,482 सब्सक्राइबर्स थे।

गौरतलब है कि टी-सीरीज को 1983 में दिल्ली में गुलशन कुमार ने शुरू की थी। टी-सीरीज की पहचान पहले भक्ति संगीत के लिए थी, लेकिन बाद में बॉलीवुड के तमाम गाने टी-सीरीज के स्टूडियों में तैयार होने लगे। इसके बाद कंपनी ने फिल्म प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाए। गुलशन कुमार के निधन के बाद भूषण कुमार ने साल 2006 में टी-सीरीज का यूट्यूब चैनल बनाया और आज 13 सालों में कंपनी ने 10 करोड़ सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर लिया है।

रेडमी Note 5 अब एंड्रॉयड 9 Pie के साथ MIUI 10.3.1 स्टेबल अपडेट

नई दिल्ली। चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi अपने स्मार्टफोन्स के लिए नए सॉफ्टवेयर अपडेट रोल आउट करने लगा है। इस क्रम में अगला नंबर कंपनी के लोकप्रिय मिड बजट रेंज के स्मार्टफोन Redmi Note 5 के लिए भी Android 9 Pie के साथ MIUI 10.3.1 स्टेबल अपडेट रोल आउट किया जा रहा है। हालांकि, यह अपडेट फिलहाल चीन में ही रोल आउट किया जा रहा है। जल्द ही इसे ग्लोबली रोल आउट किया जा सकता है।

इस नए अपडेट के रोल आउट हो जाने के बाद यूजर्स को फेस अनलॉक फीचर का लाभ मिलेगा। इसके अलावा फेस अनलॉक के जरिए एलबम को भी लॉक या अनलॉक किया जा सकता है। इस स्मार्टफोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें 5.99 इंच का फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है। फोन के डिस्प्ले का आसपेक्ट रेश्यो 18:9 दिया गया है और इसमें कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन दिया गया है।

फोन 4GB+64GB स्टोरेज ऑप्शन के साथ आता है और इसकी मेमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 128GB तक बढ़ाई जा सकती है। फोन के कैमरे फीचर्स की बात करें तो इसमें 12 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है। इसके फ्रंट कैमरे की बात करें तो इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन को पावर देने के लिए इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 625 एसओसी चिपसेट प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 4,000 एमएएच की बैटरी दी गई है।

बैंक, पेट्रोल और रसोई गैस से जुड़े ये नियम आज से बदल जाएंगे, जानिए

नई दिल्ली। एक जून से कुछ नियमों में बदलाव होने वाले हैं। इन नियमों का सीधा असर आपकी जिंदगी से जुड़ा है, जो जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है। क्योंकि ये बदलाव बैंक, पेट्रोल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हुए हैं। बता दें कि, 1 जून से रसोई गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी होगी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम मई में 28 पैसे बढ़ाएं थे। वहीं, गैर-सब्सिडी वाले सिलिंडर की कीमत 6 रुपए बढ़ी थी।

RTGS ट्रांजैक्शन का समय बदलेगा
भारतीय रिजर्व बैंक ने ग्राहकों के हित में बड़ा फैसला लिया है और कहा है कि ग्राहक अब बैंक से लेनदेन शाम 6 बजे तक कर सकेंगे। आरबीआई ने रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट यानी आरटीजीएस के माध्यम से लेनदेन का समय बढ़ा दिया है।आरबीआई के फैसले के बाद अब ग्राहक शाम 6 बजे तक बैंकों में लेनदेन कर सकेंगे।इससे पहले आरटीजीएस के माध्यम से लेनदेन 4: 30 बजे तक किया जा सकता था। बढ़ाई गई समयसीमा एक जून से लागू होगी।

कार खरीदना हुआ महंगा
अगर आप आर्मी कैंटीन से कार खरीदने की सोच रहे हैं तो 1 जून से इसके लिए आपको ज्‍यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। दरअसल, व्हीकल्स पर CSD कैंटीन के खर्च को कम करने के लिए सेना ने नया नियम प्रस्तावित किया है, जिसके तहत सैन्य अधिकारी 12 लाख तक का वाहन (जीएसटी हटाकर) कैंटीन से खरीद सकेंगे।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट में लगेंगे पैनिक बटन
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्हीकल में पैनिक बटन लगाने का नियम लागू किया है। डीटीसी और क्लस्टर स्कीम की बसों में पैनिक बटन लगाए जाने की तैयारी की जा रही है।

बिना हेलमेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल
1 जून से बिना हेलमेट लगाए दो-पहिया वाहन चलाने वालों को पेट्रोलपंप पर पेट्रोल नहीं मिलेगा। हालांकि यह नियम सिर्फ उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए लागू होगा।

केरल में लागू होगा GST आपदा टैक्‍स
भयंकर बाढ़ से प्रभावित हुए केरल राज्य के पुनर्निर्माण के लिए राज्य कर विभाग 1 जून से एक फीसदी अतिरिक्त टैक्‍स लगाने जा रहा है। यह टैक्स 5 फीसदी से अधिक जीएसटी स्लैब वाले सभी आइटम्स पर लगाया जाएगा। 1 जून 2019 से अगले दो साल तक के लिए यह एक फीसदी की दर से वसूला जाएगा।

EMI में हो सकती है कटौती
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से ब्याज दरों में कटौती का ऐलान किया जा सकता है। आरबीआई की द्विमासिक नीति की घोषणा 6 जून 2019 को होगी। दरों में कटौती से आम लोगों को सस्ती दरों पर कर्ज मिलेगा।

कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला, अब सभी किसानों को मिलेंगे सालाना 6000 रुपये

नई दिल्ली।दूसरे कार्यकाल की अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में पीएम मोदी ने किसानों के लिए बड़ी सौगात दी है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब सभी किसानों को सालाना 6,000 रुपये मिलेंगे, इसके अतिरिक्त किसानों के लिए पेंशन योजना का ऐलान किया गया है। पीएम किसान योजना पहले सिर्फ लघु और सीमांत किसानों के लिए थी।

बीजेपी ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में इस योजना में सभी किसानों को शामिल करने का वादा किया था, जिस पर पहली ही कैबिनेट मीटिंग में मुहर लगाई गई। इस योजना का देश के 14.5 करोड़ किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा 17 जून से संसद सत्र बुलाने का फैसला किया गया है, जो 26 जुलाई तक चलेगा। 5 जुलाई को बजट पेश किया जाएगा।

अब खर्च होंगे 87 हजार करोड़
कैबिनेट मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पीएम ने कहा था कि किसान की आमदनी अगले 5 साल में दोगुनी करने की कोशिश करेंगे। फसल की लागत का कम से कम डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य मिले, यह पीएम मोदी ने सुनिश्चित किया। कृषि मंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 3 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पैसा पहुंच चुका है।

अभी तक 12.5 करोड़ किसान इस योजना के तहत कवर हो रहे थे। करीब 2 करोड़ किसान छूट रहे थे। अब सभी किसान इसके दायरे में होंगे। इस योजना पर पहले 75 हजार करोड़ खर्च होते लेकिन अब 12 हजार करोड़ रुपये और बढ़ेगा खर्च। यानी अब 87 हजार करोड़ रुपये सालाना खर्च होगा। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्वीट कर कहा कि इन फैसलों के जरिए सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा किया है।

किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए पेंशन योजना
इसके अलावा किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए पेंशन योजना का भी ऐलान किया गया है। इसका भी बीजेपी के संकल्प पत्र में वादा किया गया था। पेंशन योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु के लोगों को 60 साल की उम्र के बाद प्रति महीने 3 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। इस योजना में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

पेंशन स्कीम के तहत 18 वर्ष के उम्र के शख्स को 55 रुपये प्रति महीने का योगदान देना होगा। सरकार भी इतने का ही योगदान देगी। उम्र के हिसाब से योगदान की राशि बढ़ेगी। कृषि मंत्री तोमर ने कहा कि इन योजनाओं से किसानों, छोटे व्यापारियों के जीवनस्तर में सुधार होगा और उन्हें सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पेंशन योजना के तहत 12 से 13 करोड़ लोग कवर होंगे। पहले चरण में 5 करोड़ लोगों को कवर करने का लक्ष्य है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बताया कि ट्रेडर्स के लिए पेंशन योजना से करीब 3 करोड़ खुदरा व्यापारी और दुकानदारों को फायदा मिलेगा।

योजना के लिए राज्यों से मांगे गए नए रजिस्ट्रेशन
चुनाव आचार संहिता की अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद सरकार ने राज्यों से प्रधानमंत्री किसान योजना के लिए नए रजिस्ट्रेशन मांगे हैं। लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता 10 मार्च से लागू थी। आचार संहिता के लागू होने के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने कृषि मंत्रालय को इस योजना के लिए नए रजिस्ट्रेशन रोकने को कहा था।

सरकार ने 4.76 करोड़ पंजीकृत किसानों में से अभी तक 3.1 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 11,000 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। कृषि मंत्रालय के डेटा के अनुसार, 2.25 करोड़ से अधिक किसानों को 2,000 रुपये प्रत्येक की दो किस्तें प्राप्त हुई हैं।

इंदौर किराना: ग्राहकी से शक्कर और खोपरा गोला में सुधार

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में शुक्रवार को शक्कर-खोपरा गोला में ग्राहकी सुधार लिए रही।कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में शुक्रवार को पांच गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर-गोला :शक्कर 3380 से 3420 रुपये प्रति क्विंटल।शक्कर एम (मोटी) 3440 से 3450 रुपये प्रति क्विंटल।खोपरा गोला 193 से 201 रुपये प्रति किलोग्राम।खोपरा बूरा 2200 से 4000 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी :हल्दी खड़ी सांगली 130 से 135, निजामाबाद 90 से 110, पिसी 150 से 170 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना :साबूदाना 6500 से 8000, पैकिंग में 8400 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल।आटा-मैदा :गेहूं आटा 1110 से 1120, तन्दूरी आटा 1340 से 1350, मैदा 1160 से 1170, रवा 1260 से 1270, चना बेसन 3150 से 3160 तथा बटला बेसन 2750 से 2760 रुपये प्रति 50 किलोग्राम।

इंदौर बाजार : मूंगफली तेल फिसला, कपास्या खली में तेजी

इंदौर। स्थानीय खाद्य तेल बाजार में शुक्रवार को मूंगफली तेल के भाव में 20 रुपये प्रति 10 किलोग्राम की कमी हुई। पाम तेल में तीन रुपये प्रति 10 किलोग्राम सस्ते हुए। पशुआहार कपास्या खली में 25 रुपये प्रति 60 किलोग्राम की कमी दर्ज की गई।

तिलहन:सरसों 3700 से 3750रायडा 3400 से 3500सोयाबीन 3750 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल। तेल:मूंगफली तेल इंदौर 1030 से 1050, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 762 से 765, सोयाबीन साल्वेंट 725 से 730, पाम तेल 640 से 643 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

पशु आहार:कपास्या खली इंदौर 1900, देवास 1900, उज्जैन 1900, खंडवा 1885, बुरहानपुर 1885, अकोला 2850 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी।कपास्या तेल:कपास्या तेल इंदौर 710 से 715, महाराष्ट्र 700 से 705, तथा गुजरात 720 से 722 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

इंदौर मंडी: ग्राहकी से चना, मूंग और तुअर में तेजी

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में शुक्रवार को चना कांटा 25 रुपये, मूंग 50 रुपये, तुअर (अरहर) 100 रुपये और बटला (मटर) के भाव 50 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी लिए रहे। आज चना दाल 50 रुपये, तुअर दाल 50 एवं मूंग दाल के भाव में 50 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक संयोगितागंज अनाज मंडी में शुक्रवार को आठ हजार बोरी गेहूं की आवक हुई।

दलहन:चना (कांटा) 4475 से 4500, चना (देसी) 4350 से 4400, डबल डॉलर 4500 से 4800, मसूर 4100 से 4150, हल्की 3750 से 3800, बटला (मटर) 4300 से 4350, मूंग 6000 से 6150, हल्की 5200 से 5500, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5500 से 5700, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 6100 से 6200, उड़द 5200 से 5400, हल्की 4300 से 4350 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल:तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 7150 से 7350, तुअर दाल फूल 7550 से 7750, तुअर दाल बोल्ड 7950 से 8150, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400चना दाल 5700 से 5900, आयातित चना दाल 5500 से 5200मसूर दाल 5300 से 5400मूंग दाल 7700 से 7900, मूंग मोगर 8450 से 8650 उड़द दाल 7300 से 7500, उड़द मोगर 7600 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज:गेहूं हल्का 1720 से 1820, गेहूं 147- 1870 से 2070, गेहूं लोकवन 1770 से 2070, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 1800 से 1900, ज्वार संकर 2000 से 2100, ज्वार देसी 2500 से 3000, मक्का पीली 2100 से 2150, मक्का गजर 2000 से 2050 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल:बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।