कोटा। पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रेशा ट्रैवल मार्ट में हाड़ोती के गडरिया महादेव गढ़ पैलेस और रिवर फ्रंट का चित्रण एवं प्रदर्शन राजस्थान के पांडाल पर किया गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया एवं मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने बताया कि होटल फेडरेशन ने राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट में हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन एवं चित्रण किए जाने को लेकर पर्यटन मन्त्री दीया कुमारी से आग्रह किया था।
उन्होंने बताया कि फेडरेशन द्वारा उठाए गई मांग को उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद राजस्थान के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेसा ट्रैवल मार्ट पेरिस में गडरिया महादेव गढ़ पैलेस और रिवर फ्रंट के चित्रों का प्रदर्शन किया गया। प्रमुख सचिव पर्यटन राजेश कुमार यादव ने राजस्थान पवेलियन का उद्घाटन किया।
प्रमुख सचिव पर्यटन राजेश कुमार यादव ने बताया कि राजस्थान पवेलियन में स्थानीय टूर ऑपरेटरों, मीडिया, प्रभावशाली लोगों, ब्लॉगर्स आदि के लिए एक रोड शो होगा। फ्रांस में भारतीय दूतावास द्वारा एक और रोड शो की योजना बनाई जा रही है। राजस्थान हर साल बड़ी संख्या में फ्रांसीसी पर्यटकों का स्वागत करता है। इस भागीदारी का उद्देश्य राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देना है।

