ओमीक्रॉन की दहशत से बाजार धराशायी, सेंसेक्स 765 अंक लुढ़ककर 57696 पर बंद

0
307

मुंबई। कोरोना के नए वेरियंट ओमिक्रॉन की भारत में दस्तक की खबर से शेयर बाजार में घबराहट पूर्ण बिकवाली का दबाव बना हुआ है। इससे बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शुरुआती तेजी कायम नहीं रख सका और कारोबार के अंत में धराशाई हो गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 764.83 अंक या 1.31 फीसदी फिसलकर 58 हजार के नीचे पहुंचकर 57,696.46 के स्तर पर बंद हुआ।

एनएसई के निफ्टी का भी बुरा हाल रहा और यह 204.95 अंक या 1.18 फीसदी टूटकर एक बार फिर 17,200 के स्तर से नीचे आ गया। कारोबार के अंत में निफ्टी 17,196.70 के स्तर पर बंद हुआ।

आज सुबह सेंसेक्स 394 अंकों की तेजी के साथ 58,555 पर खुला था। दिन में इसने 58,757 का ऊपरी स्तर बनाया जबकि 57,640 का निचला स्तर बनाया। दिन भर में सेंसेक्स में 294 पॉइंट्स की तेजी आई जबकि 821 अंक तक की गिरावट आई।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 25 शेयर्स गिरावट के साथ जबकि 5 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए। बढ़त वाले शेयर में इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक और टाटा स्टील प्रमुख रहे। गिरावट में टेक महिंद्रा, मारुति, एयरटेल, सन फार्मा, डॉ रेड्‌डी और अन्य रहे

आज निफ्टी 17,424 पर खुला था। निफ्टी के 50 शेयर्स में से 12 बढ़त में और 38 गिरावट के साथ बंद हुए। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में लार्सन एंड टूब्रो, UPL, भारत पेट्रोलियम, इंफोसिस हैं। गिरावट वाले शेयर्स में पावरग्रुड, कोटक बैंक, रिलायंस और एशियन पेंट्स रहे।

निफ्टी मिडकैप बढ़त के साथ जबकि बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेस के साथ निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स गिरावट में रहे। इससे पहले कल BSE का सेंसेक्स 776 पॉइंट्स (1.35%) की तेजी के साथ 58,461 पर बंद हुआ। निफ्टी में 234 अंकों (1.37%) की तेजी रही और यह 17,401 पर बंद हुआ था।