नई दिल्ली। एमसीएक्स पर सोमवार 16 फरवरी को सुबह के कारोबार में सोने की कीमतों में करीब 1% की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने के कारण आई, क्योंकि पिछले सत्र में सोने की कीमतों में 2% का उछाल आया था।
इस दौरान अमेरिकी डॉलर में भी मजबूती देखी गई, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बना। एमसीएक्स पर गोल्ड अप्रैल फ्यूचर कांट्रैक्ट 1,54,743 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि सिल्वर मार्च वायदा भाव 3% से अधिक टूटकर 2,36,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।
चांदी की कीमतों में सोमवार को तेज गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर चांदी 3.3% लुढ़ककर 2,36,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 0.6% गिरकर 76.92 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि शुक्रवार को इसमें 3% की तेजी आई थी।
अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 0.2% बढ़ा, जो अर्थशास्त्रियों के 0.3% के अनुमान से कम था। महंगाई के नरम आंकड़े आमतौर पर ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को बढ़ावा देते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चमक हुई कम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड 0.4% गिरकर 5,020.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में इसमें 2.5% का उछाल आया था। अमेरिकी गोल्ड वायदा (अप्रैल डिलीवरी) में 0.1% की गिरावट आई और यह 5,039.50 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अन्य कीमती धातुओं में भी गिरावट का रुख रहा। स्पॉट प्लैटिनम 0.4% फिसलकर 2,054.35 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पैलेडियम में 0.4% की मामूली बढ़त देखी गई और यह 1,692.23 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

