नई दिल्ली। ईरान संकट के कारण सोने और चांदी की कीमत में आज भारी तेजी आई है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोना 5,000 रुपये महंगा हो गया जबकि चांदी की कीमत में 10,000 रुपये से ज्यादा की उछाल आई। दुनिया में जब भी संकट गहराता है तो निवेशक सुरक्षित निवेश के लिए सोने और चांदी का रुख करते हैं। इसी वजह से इनकी कीमत में उछाल आती है।
2 अप्रैल की डिलीवरी वाला सोना एमसीएक्स पर पिछले सत्र में 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। आज यह 1,65,501 रुपये पर खुला और शुरुआती कारोबार में 5,000 रुपये से अधिक तेजी के साथ 1,67,915 रुपये तक पहुंचा। सुबह 9.42 बजे यह 4647 रुपये यानी 2.87 फीसदी तेजी के साथ 1,66,751 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
इसी तरह 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमत में शुरुआती कारोबार में 10,000 रुपये से ज्यादा की तेजी आई। पिछले सत्र में यह 282644 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज 2,82,644 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 10,508 रुपये की तेजी के साथ 2,93,152 रुपये तक उछली। सुबह 9.45 बजे यह 8,672 रुपये यानी 3.07 फीसदी तेजी के साथ 2,91,316 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।

