Women day: जीतो लेडीज विंग ने कार रैली निकाल कर दिया स्वास्थ्य जागरूकता संदेश

0
11

कोटा। International Women day: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) कोटा लेडीज विंग की ओर से रविवार सुबह नेशनल कार रैली का आयोजन किया गया।

रैली का उद्देश्य महिलाओं और आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित चिकित्सा जांच के महत्व को रेखांकित करना रहा। लेडीज विंग की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ ने बताया कि रैली का शुभारंभ प्रदेश प्रवक्ता भाजपा पंकज मेहता, लोकेन्द्र राजावत, डिप्टी कमांडेंट पवन जैन, ग्रीन आर्मी की चेयरपर्सन मंजू जैन, पूर्व महापौर रतना जैन तथा एडवोकेट कल्पना शर्मा ने फ्लैग ऑफ कर किया।

प्रोग्राम संयोजिका प्रीति जैन और सह संयोजिका नेहा जैन ने बताया कि रैली श्री उम्मेद क्लब से प्रारंभ होकर जेडीबी, कोटड़ी, एरोड्रम चौराहा, कॉमर्स कॉलेज, केशवपुरा, सीएडी, टीलेश्वर महादेव, जीएम प्लाजा और अग्रसेन सर्किल होते हुए पुनः उम्मेद क्लब पर समाप्त हुई। रैली मार्ग में पोस्टर और बैनर के माध्यम से कैंसर जागरूकता का संदेश दिया गया।

चीफ सेक्रेट्री रेखा जैन ने बताया कि रैली के बाद महिलाओं और आमजन के लिए चिकित्सकों का टॉक शो आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कैंसर और थैलेसीमिया की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के संबंध में जानकारी दी।

डॉ. आशीमा विजय ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों और बचाव पर प्रकाश डालते हुए नियमित स्क्रीनिंग और टीकाकरण को आवश्यक बताया। डॉ. वत्सला याग्निक ने ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों और प्रारंभिक जांच के महत्व पर जानकारी दी तथा महिलाओं को समय-समय पर स्वयं जांच करने की सलाह दी।

वहीं डॉ. पी.एस. झा ने थैलेसीमिया रोग के बारे में विस्तार से बताते हुए विवाह पूर्व और गर्भावस्था के दौरान जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। जीतो कोटा के चेयरमैन पंकज सेठी और उपाध्यक्ष कपिल जैन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की तैयारियों में चीफ सेक्रेटरी नरेंद्र जैन, उपाध्यक्ष कपिल जैन, निखिल जैन, नेहा जैन, चित्रा बागरेचा, सुमन मुनोत, नीरा जैन, पिंकी बागरेचा, सोनिया सांखला, मीना जैन और वीणा जैन सहित लेडीज विंग की सदस्याएं सक्रिय रहीं।

वहीं यूथ विंग से सिद्धार्थ जैन और ईशान गोधा सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। आयोजन केदौरान एमपी चतर, वीरेन्द्र पाण्ड्या, बजरंग साबू, नरेश-निशा वेद, राजकुमार जैन, लोकेन्द्र राजावत, महेन्द्र भिंडीवाल, रेणु पालीवाल और प्रिंसु खेड़रा सहित अनेक सहयोगियों को पौधा भेंट कर आभार प्रकट किया।

महिला दिवस पर साइकिल रैली का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोटा शहर में महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देती साइकिल रैली का आयोजन किया गया। ‘पेडल फॉर साइकिल’ और ‘कोटा ग्रीन कम्युनिटी’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में शहर की अनेक महिला साइकिलिस्टों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

आयोजक हेमंत छाबरिया और प्रणव राज सिंह खींची ने बताया कि रैली महावीर नगर से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक, नयापुरा पर संपन्न हुई। लगभग 200 साइकिल सवारों ने इसमें भाग लिया। रैली के दौरान महिलाओं ने आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहर की सड़कों पर साइकिल चलाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।