कोटा। UPSC CSE Topper 2025: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने पूरे देश में टॉप किया है। अनुज कोटा के करीब स्थित रावतभाटा के रहने वाले हैं। अनुज अग्निहोत्री की स्कूली शिक्षा रावतभाटा से ही हुई। इसके बाद ग्रेजुएशन के लिए वह जोधपुर आए और एम्स जोधपुर से उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। 2023 में एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की थी।
अनुज इससे पहले भी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर चुके हैं। तब उन्हें दानिक्स कैडर मिला था। उनका यह तीसरा प्रयास था। अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की 1,2 इकाई में काम करते हैं। मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। अनुज ने रावतभाटा परमाणु ऊर्जा केंद्रीय स्कूल से पढ़ाई की है। 12वीं में उनके 94 प्रतिशत नंबर आए थे। अनुज को टेबल टेनिस खेलना पसंद हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल मॉक इंटरव्यू के एक वीडियो में अनुज बताते हैं कि उन्होंने सिविल सर्विस को इसलिए चुना क्योंकि वो इस काम के नेचर को पसंद करते हैं। वो ऐसी चीज में करियर बनाना चाहते थे, जो ऊबाई या नीरस ना हो।
उनके अनुसार सिविल सर्विस में आपको जिम्मेदारियां की कई रेंज और कई गवर्नेंस के कई सेक्टर में काम करने का मौका देती है। पढ़ाई के अलावा वो क्रिकेट देखने और स्टेंड अप कॉमेटी देखना पसंद करते हैं।
उन्होंने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान सिविल सर्विस की तैयारी का समय निकालना चुनौती पूर्ण था। इसके लिए उन्हें पढ़ाई का एक नया पैटर्न तो अपनाना ही था, साथ ही उनको अनुशासन में भी रहना था।

