Mann Ki Baat: देश में अंतरिक्ष को लेकर बच्चों में नई जिज्ञासा की लहर: पीएम मोदी

0
26

नई दिल्ली। Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि देश में अंतरिक्ष को लेकर बच्चों के बीच नई जिज्ञासा की लहर चल रही है और आज सिर्फ अंतरिक्ष क्षेत्र में ही 200 से ज्यादा स्टार्टअप सक्रिय हैं।

उन्होंने हाल ही में अंतरिक्ष से लौटे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षित वापसी पर पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई और हर किसी का दिल गर्व से भर गया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पांच साल पहले देश में 50 से भी कम अंतरिक्ष स्टार्टअप थे, लेकिन आज यह संख्या 200 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है और ‘वोकल फॉर लोकल’ आत्मनिर्भरता की सबसे मजबूत नींव है।

पीएम मोदी ने यह भी बताया कि 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ मनाया जाएगा और इसके आयोजन को लेकर देशवासियों से सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि रसायन विज्ञान और गणित ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताओं में भारतीय छात्र शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और यह देश के लिए गर्व की बात है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र के 12 मराठा किले अब यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स की सूची में शामिल हो गए हैं, जो देश की वीरता और दूरदर्शिता का प्रतीक हैं।