kalonji: नई फसल गत वर्ष की तुलना में अधिक होने से कलौंजी के दामों में गिरावट

0
182

नई दिल्ली। Kalonji prices: हाजिर में कमजोर मांग एवं आने वाली फसल गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के समाचारों से कलौंजी के दामों में गिरावट बनी हुई है। वर्तमान में निर्यात एवं लोकल उठाव काफी कम रह गया है। जिस कारण विगत कुछ समय से कलौंजी के दामों में गिरावट का दौर बना हुआ है। अभी हाल-फिलहाल तेजी की संभावना नहीं है।

प्राप्त जानकारों के अनुसार जनवरी माह के दौरान, मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में कलौंजी का भाव 185/190 रुपए प्रति किलो एवं दिल्ली बाजार में भाव 215/220 रुपए प्रति किलो चल रहा था। लेकिन मांग का अभाव बना रहने के कारण वर्तमान में नीमच मंडी में कलौंजी का भाव घटकर 168/170 रुपए एवं दिल्ली में भाव 200/205 रुपए पर आ गया है। लेकिन वर्तमान भावों पर भी लिवाल नहीं है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि गुजरात में बिजाई गत वर्ष की तुलना में ड्योढी होने के कारण कलौंजी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में अधिक रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं हालांकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में कलौंजी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में 10/15 प्रतिशत तक होने के समाचार मिल रहे हैं। अभी तक मौसम फसल के अनुकूल बना रहने से फसल की स्थिति अच्छी है। नई फसल की आवक मार्च माह में शुरू होगी।

उत्पादन अनुमान
अधिक बिजाई एवं अनुकूल मौसम के चलते प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में वृद्धि होने की संभवना से अनुमान लगाया जा रहा है कि वर्ष 2025 के दौरान देश में कलौंजी का उत्पादन 3 लाख क्विंटल के आसपास रहेगा। जबकि वर्ष 2024 में पैदावार 2/2.25 लाख क्विंटल की रही थी वर्ष 2023 में कलौंजी का उत्पादन 3.75/4 लाख क्विंटल रहा था। कलौंजी का मुख्यत: उत्पादन मध्य प्रदेश, गुजरात एवं राजस्थान में होता है। व्यापारियों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान मध्य प्रदेश में कलौंजी का उत्पादन 1.50/1.60 लाख क्विंटल के अलावा गुजरात में 70/80 हजार टन होने की संभावना है। राजस्थान में उत्पादन 50/60 हजार टन होने के पूर्वानुमान लगाए जा रहे हैं।

अधिक मंदा नहीं
जानकार सूत्रों का मानना है कि कलौंजी की वर्तमान कीमतों में अधिक मंदा संभव नहीं है। नए मालों की आवक शुरू होने के पश्चात कीमतों में 5/7 रुपए का मंदा और आ सकता है। हालांकि यह सच है कि आने वाली फसल गत वर्ष की तुलना में अधिक रहेगी। लेकिन बकाया स्टॉक कम होने के कारण कीमतों में अधिक गिरावट संभव नहीं है। सूत्रों का कहना है कि गत वर्ष नई फसल आने के समय उत्पादक केन्द्रों पर कलौंजी का स्टॉक 1.25/1.50 लाख क्विंटल का था जोकि इस वर्ष 40/50 हजार बोरी रहने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष अप्रैल माह में नई कलौंजी का भाव मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में 225/230 रुपए बोला जा रहा था। वर्ष 2014-15 में कलौंजी का रिकॉर्ड भाव 300/310 रुपए बन गया था।