Jeera Price: उत्पादन में कमी की खबर से जीरा का भाव मजबूत रहने के आसार

0
4

राजकोट। बिजाई क्षेत्र में कमी आने तथा मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं रहने से चालू वर्ष के दौरान जीरा का घरेलू उत्पादन कुछ घटने की संभावना है। पिछला बकाया स्टॉक भी ज्यादा नहीं है इलसिए कुल उपलब्धता सीमित रहेगी। ऐसी स्थिति में यदि घरेलू एवं निर्यात मांग बेहतर रही तो जीरा का भाव आगामी महीनों में मजबूत रह सकता है।

पश्चिम एशिया में फैली अशांति के कारण उस क्षेत्र में भारतीय जीरे का निर्यात शिपमेंट प्रभावित होने लगा है जिससे घरेलू बाजार मूल्य पर दबाव देखा जा रहा है। कुछ इलाकों में जीरा की अगैती बिजाई वाली नई फसल की कटाई-तैयारी एवं मंडियों में आवक भी शुरू हो गई है जबकि आगामी सप्ताहों में इसकी रफ्तार तेज होती जाएगी।

नए माल की आपूर्ति का प्रेशर जारी रहने तक जीरे की कीमतों में ज्यादा तेजी आना मुश्किल लगता है लेकिन आवक का दबाव घटने पर दाम में सुधार आना संभव है। तब तक पश्चिम एशिया में भी स्थिति सामान्य हो जाने की उम्मीद है।

एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- फेडरेशन ऑफ इंडियन स्पाइस स्टैक होल्डर्स (फिस्स) ने जीरा का घरेलू उत्पादन पिछले साल के 5.38 लाख टन से करीब 5 प्रतिशत घटकर इस वर्ष 5.13 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया है दूसरे शब्दों में कहा जाए

तो फेडरेशन ने जीरा का उत्पादन पिछले साल के 97.93 लाख बोरी से गिरकर चालू वर्ष में 93.29 लाख बोरी पर अटक जाने की संभावना व्यक्त की है। मौजूदा गर्म एवं शुष्क मौसम जीरे की फसल के लिए अनुकूल नहीं माना जा रहा है। इससे दाने की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है।