कोटा। JEE Main 2025 JPaper Analysis: बीई बीटेक की प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2025 के सेशन-1 के तीसरे दिन शुक्रवार को पेपर आसान से मध्यम कठिनाई लेवल वाला था। तीनों सेक्शन में फिजिक्स सबसे आसान, उसके बाद केमिस्ट्री, जबकि कुछ सवालों में लंबी गणनाओं के कारण मैथ्स सबसे चुनौतीपूर्ण माना गया।
मोशन एजुकेशन के फाउंडर तथा सीईओ नितिन विजय ने बताया कि सभी विषयों में करीब करीब पूरे सिलेबस से सवाल पूछे गए थे। हालांकि कुछ इकाइयों पर दूसरों की तुलना में अधिक जोर दिया गया। शिफ्ट-1 का पेपर कठिनाई के स्तर पर आसान से मध्यम वाला रहा। तीनों सेक्शन में फिजिक्स सबसे आसान था। इसके ज्यादातर सवाल फार्मूला बेस्ड थे। 12वीं से अधिक सवाल पूछे गए थे जबकि 11वीं से कम पूछे गए। इसके चलते मेकेनिक्स, वेव्स, थर्मोडाइनेमिक्स से कम और ऑप्टिक्स और थर्मोमेग्नेटिज्म जैसे चेप्टर से अधिक सवाल पूछे गए थे।
केमिस्ट्री में थ्योरिटिकल और सीधे-सीधे सवाल थे। इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री से सवाल अधिक थे, उसके बाद आर्गेनिक केमिस्ट्री जबकि फिजिकल केमिस्ट्री से कम सवाल थे। कुल मिलाकर, केमिस्ट्री सेक्शन सीधा था और इससे स्टूडेंट्स को अन्य सेक्शन के लिए अधिक समय मिल गया।
मैथ्स का डिफिकल्टी लेवल हमेशा की तरह सबसे कठिन था। कुछ सवालों में लम्बी केलकुलेशन के कारण इसका पेपर सबसे चनौती पूर्ण रहा। 3-डी, ज्योमेट्री और कोन जैसे चेप्टर का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व था। कैलकुलस में भी काफी संख्या में सवाल थे। हालांकि, इस सेक्शन में लंबी गणनाएं शामिल थीं, जिससे यह समय लेने वाला रहा।

