नई दिल्ली। Jee Main Result Postponed: जेईई मेन सेशन-1 रिजल्ट टाल दिया गया है। एनटीए जेईई मेन 2026 का रिजल्ट आज गुरुवार 12 फरवरी को जारी नहीं करेगा। एनटीए ने एक दिन पहले बुधवार रात को नोटिस जारी कर कहा कि जेईई मेन रिजल्ट अब 16 फरवरी तक जारी होगा।
आपको बता दें कि एनटीए ने जेईई मेन 2026 के नोटिफिकेशन में 12 फरवरी तक रिजल्ट जारी करने की बात कही थी इसलिए लाखों परीक्षार्थी नतीजों की राह देख रहे थे। अब इनके टलने से अभ्यर्थियों में थोड़ी मायूसी है। परीक्षा परिणाम जारी होने पर अभ्यर्थी इन्हें jeemain.nta.nic.in पर जाकर चेक कर सकेंगे।
आपको बता दें कि इस बार जेईई मेन 2026 सेशन 1 के लिए कुल 1350969 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से रिकॉर्ड 1300368 यानी 96.26 फीसदी ने एग्जाम दिया था। जेईई मेन सेशन 1 की परीक्षा 21, 22, 23, 24, 28 और 29 जनवरी, 2026 को हुई थी।
पहले चार दिनों में पेपर 1 की परीक्षा दो शिफ्ट में हुई थी – पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक। पेपर 2 की परीक्षा आखिरी तारीख को एक ही शिफ्ट में हुई थी – सुबह 9 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक।
ऐसे करें रिजल्ट चेक
- JEE Main Results 2026 Live: आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर लेटेस्ट न्यूज सेक्शन देखें।
- JEE Main 2026 सेशन 1 रिजल्ट स्कोर लिंक पर क्लिक करें।
- रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड/जन्मतिथि दर्ज कर लॉग इन करें।
- स्क्रीन पर आपका रिजल्ट दिखाई देगा।
- रिजल्ट को ध्यान से देखें और डाउनलोड करें।
जेईई मेन पेपर-1 अंडरग्रेजुएट इंजीनियरिंग प्रोग्राम जैसे एनआईटी, आईआईआईटी में बीई, बीटेक और अन्य केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों (सीएफटीआई) में बीटेक/बीई प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है। जबकि जेईई मेन का पेपर दो देश में बी आर्क और बी प्लानिंग कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है।
जेईई मेन 2026 सेशन 2 के लिए 25 फरवरी तक करें आवेदन
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 2 (अप्रैल सत्र) के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से शुरू कर दी है। जो छात्र इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर या प्लानिंग कोर्सेज में एडमिशन लेना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
IIT में दाखिला कैसे होगा
जेईई मेन परीक्षाएं खत्म होने के बाद दोनों सत्रों के बेस्ट एनटीए स्कोर के आधार पर स्टूडेंट्स की रैंक जारी की जाएगी। जेईई मेन परिणाम में पहले 2,50,000 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवार जेईई एडवांस टेस्ट के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। जेईई एडवांस के जरिए आईआईटी में दाखिला मिलता है। आईआईटी एंट्रेंस जेईई एडवांस्ड भी वही दे सकेगा जिसके 12वीं में कम से कम 75 फीसदी मार्क्स होंगे। या फिर संबंधित बोर्ड एग्जाम में टॉप 20 परसेंटाइल उम्मीदवारों में से एक होंगे।

