India-US Deal: जीएम फसलों की अनुमति पर स्थिति स्पष्ट करे सरकार: किसान संघ

0
9

कोटा। India-US Trade Deal: देश में किसानों के सबसे बड़े संगठन भारतीय किसान संघ ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पर अपना वक्तव्य जारी करते हुए कहा है कि भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता देखने में अच्छा है, लेकिन कईं विषयों पर स्पष्टता की जरुरत है।

भारतीय किसान संघ के महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि वाणिज्य मंत्री के अनुसार गेहूं, चावल जैसा अनाज, दूध एवं डेयरी उत्पाद, फल सब्जी और मसालें ये सभी व्यापार समझौते से बाहर रखे गए हैं। इसके लिए भारत सरकार को बहुत बहुत धन्यवाद करते हैं।

उन्होंने कहा कि इसमें जो शब्द “किसानों से जुड़े संवेदनशील उत्पाद” का प्रयोग किया गया है। इस बारे में सरकार को और भी स्पष्टता के साथ पक्ष रखना चाहिए। विशेषकर अमेरिका के जो जीएम उत्पाद हैं, जिन्हें वहां आमतौर पर जानवरों के खाद्य के लिए प्रयोग किया जाता है, ऐसे उत्पाद किसी भी स्थिति में, किसी भी नाम और शर्त पर देश में नहीं आना चाहिए। यह भारतीय किसान संघ की स्पष्ट मांग है।

भारतीय किसान संघ के प्रान्त अध्यक्ष शंकरलाल नागर और महामंत्री अंबालाल शर्मा ने कहा कि हमारे देश में खाद्यान फसलों में जीएम को अनुमति नहीं है, शोध हो रहा है, जांच पड़ताल चल रही है। मनुष्य और जीवजगत के स्वास्थ्य के ऊपर इनके नकारात्मक प्रभाव की जानकारी एकत्र हो रही है और ये असफल फसल जैसा साबित हो रहा है।

इसलिए देश में इसका विरोध भी हो रहा है। व्यापार से आगे भारत की जनता का स्वास्थ्य, भारत की जैव विविधता, भारत में शोध का स्त्रोत इन सभी को सुरक्षित रखना है तो जी.एम. फसलों को रोकना पडेगा। ऐसा अभी तक के जीएम फसलों की स्थिति के आधार पर निश्चित किया जा सकता है।

प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने कहा कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते पर इन विषयों पर सरकार की पूर्ण स्पष्टता के बाद ही किसान संघ अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करेगा।