IIT JAM राउंड 4 के परिणाम घोषित, अपना आवंटन पत्र ऐसे करें डाउनलोड

0
6

नई दिल्ली। IIT JAM Round 4 Result: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने मास्टर्स के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JAM 2025) के चौथे राउंड के परिणाम घोषित कर दिए हैं। यह अंतिम प्रवेश सूची है क्योंकि संस्थान ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई स्पॉट राउंड आयोजित नहीं किया जाएगा। उम्मीदवार अपना आवंटन पत्र आधिकारिक वेबसाइट jam2025.iitd.ac.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।

आईआईटी जैम काउंसलिंग 2025 उन उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जाती है, जो एमएससी, एमएससी टेक, एमएस (Research), एमएससी, एमएससी टेक, एमएस डुअल डिग्री, संयुक्त एमएससी-पीएचडी, एमएससी- पीएचडी डुअल डिग्री जैसे स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं। इस वर्ष की चौथी प्रवेश सूची ही अंतिम चयन परिणाम होगी, क्योंकि संस्थान ने स्पष्ट किया है कि अब कोई स्पॉट राउंड नहीं होगा। ऐसे में जिन उम्मीदवारों को सीटें आवंटित हुई हैं, उन्हें समय पर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

3 जुलाई तक शुल्क भुगतान अनिवार्य
इस राउंड में जिन्हें सीटें आवंटित की गई हैं, उन्हें 3 जुलाई 2025 तक सीट बुकिंग शुल्क का भुगतान करना होगा। इसी तारीख तक उम्मीदवारों के पास अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके बाद कोई स्पॉट राउंड आयोजित नहीं किया जाएगा, इसलिए यह उम्मीदवारों के लिए अंतिम मौका है।

श्रेणी के अनुसार करना होगा भुगतान
जिन उम्मीदवारों को प्रवेश की पेशकश हुई है और जिन्होंने सीटें स्वीकार कर ली हैं, उन्हें सीट बुकिंग शुल्क जमा करना अनिवार्य है। सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 15,000 रुपये जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों को 7,500 रुपये का शुल्क देना होगा। यह राशि प्रवेश देने वाले संस्थान को स्थानांतरित कर दी जाएगी और आगे चलकर संस्थान शुल्क के साथ समायोजित की जाएगी।

विकल्पों में कोई बदलाव नहीं होगा
इस अवधि के दौरान, जिन उम्मीदवारों ने पिछले राउंड में ‘स्वीकार और अपग्रेड’ विकल्प चुना था, उनकी प्रवेश स्थिति स्वचालित रूप से ‘स्वीकार और फ्रीज’ में बदल जाएगी। शेष छात्रों के लिए केवल ‘वापस लेने’ का विकल्प उपलब्ध रहेगा। संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया है कि उल्लेखित तिथियों के लिए आगे कोई विस्तार नहीं किया जाएगा।

शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित IIT JAM परीक्षा के माध्यम से, देशभर के 22 आईआईटी संस्थानों में स्नातकोत्तर (PG) कार्यक्रमों की लगभग 3,000 सीटों पर प्रवेश दिया जा रहा है। JAM के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों जैसे एम.एससी, एम.एससी-टेक, संयुक्त एम.एससी-पीएचडी आदि में छात्रों का चयन किया जाता है।