नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: विदेशी बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ 150 रुपये घटकर 88,750 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।
शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु गिरावट के साथ 88,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 150 रुपए गिरकर 88,350 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले सत्र में इसका भाव 88,500 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की कीमत भी सोमवार को 250 रुपये की गिरावट के साथ 99,250 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। इससे बाजार में चार दिन से जारी तेजी का सिलसिला थम गया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अप्रैल डिलीवरी के लिए कॉमेक्स सोना वायदा 0.32 प्रतिशत गिरकर 2,904.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इस बीच, हाजिर सोना भी 0.13 प्रतिशत गिरकर 2,905.31 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट कमोडिटीज राहुल कलंत्री ने कहा, “अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल के कारण सोने और चांदी में हाल के उच्च स्तर से लाभ देखा गया। मेक्सिको टैरिफ को एक महीने तक टालने के अमेरिकी प्रशासन के फैसले ने सतर्क भावना को और बढ़ा दिया।
हालांकि, कमजोर डॉलर, जो पांच महीने के निचले स्तर पर गिर गया और नवंबर 2022 के बाद से अपनी सबसे खराब साप्ताहिक गिरावट दर्ज की, ने सोने और चांदी के लिए अनुकूल हवा प्रदान की।” मई डिलीवरी के लिए चांदी का वायदा भाव गिरावट के साथ 32.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

