नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापार युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश के लिए खरीदारी बढ़ने से दिल्ली में बुधवार को सोने का भाव 1,650 रुपये बढ़कर 98,100 रुपये प्रति दस ग्राम के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना इससे पहले मंगलवार को 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
स्थानीय बाजार में सोने की कीमत में 11 अप्रैल को एक दिन में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई। उस दिन सोने की कीमतों में 6,250 रुपये का उछाल आया। साल 2025 की बात करें तो अब तक पीली धातु की कीमतों में 1 जनवरी के 79,390 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से 18,710 रुपये या 23.56 प्रतिशत का उछाल आया है। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,650 रुपए की तेजी के साथ 97,650 रुपए प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 96,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
चांदी में 1900 रुपये की तेजी
इसके अलावा चांदी की कीमत 1,900 रुपये बढ़कर 99,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मंगलवार को चांदी की कीमत 97,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून डिलीवरी सोना वायदा भाव 1,984 रुपये अथवा 2.12 प्रतिशत बढ़कर 95,435 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

