नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: MCX पर आज यानी गुरुवार 19 फरवरी को शुरुआती कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इसकी मुख्य वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना है।
दरअसल, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के मिनट्स जारी हुए हैं, जिनसे पता चलता है कि नीति निर्माता ब्याज दरों को लेकर एकमत नहीं हैं। डॉलर इंडेक्स बढ़कर 97.73 के स्तर पर पहुंच गया, जो एक सप्ताह से अधिक का हाई है। इससे डॉलर में कारोबार होने वाली कीमती धातु दूसरे देशों की मुद्रा वाले निवेशकों के लिए महंगी हो जाती है।
एमसीएक्स पर चांदी का भाव करीब 0.07% गिरकर 2,42,439 रुपये प्रति किलोग्राम के दिन के निचले स्तर पर आ गया। एमसीएक्स गोल्ड की कीमत में 0.04% की गिरावट आई और यह 1,55,116 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 0.5% गिरकर 76.83 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे पिछले सत्र में इसमें 5% से अधिक की गिरावट आई थी। स्पॉट गोल्ड में 0.4% की गिरावट आई और यह 4,961.57 डॉलर प्रति औंस पर था। अमेरिकी गोल्ड वायदा (अप्रैल डिलीवरी) 0.6% की गिरावट के साथ 4,981 डॉलर पर था। अन्य कीमती धातुओं में स्पॉट प्लैटिनम 0.1% फिसलकर 2,069.35 डॉलर प्रति औंस और पैलेडियम 0.5% की गिरावट के साथ 1,707.53 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
फेड नीति को लेकर अनिश्चितता का माहौल
फेडरल रिजर्व की जनवरी बैठक के मिनट्स बताते हैं कि अधिकारियों के बीच राय बंटी हुई है। कुछ अधिकारी अगर महंगाई दर और कम होती है तो रेट कट की संभावना देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि अगर कीमतों का दबाव बना रहा तो रेट बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है।

