नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में आज गिरावट आई है। इसकी वजह यह है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक धमकी की वजह से कच्चे तेल की कीमत में आज फिर तेजी आई है।
ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला तो बुधवार सुबह उसके सिविलियन इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जाएगा। इससे कच्चे तेल में तेजी आई है जबकि सोने और चांदी में गिरावट दिख रही है।
एमसीएक्स पर 5 जून की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,49,690 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था जबकि आज यह 1,48,847 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान यह 1382 रुपये की गिरावट 1,48,298 रुपये तक आ गया। सुबह 9.15 बजे यह 1110 रुपये की गिरावट के साथ 1,48,570 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
इस बीच चांदी की कीमत में भी गिरावट आई है। 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,32,495 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज 2,30,716 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 2,844 रुपये की गिरावट के साथ 2,29,651 रुपये तक आ गई। 9.15 बजे यह 2095 रुपये यानी 0.90 फीसदी की गिरावट के साथ 2,30,400 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
गुड रिटर्न के आंकड़ों के मुताबिक सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,51,070 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इसी तरह 22 कैरेट सोने की कीमत 1,38,490 रुपये और 18 कैरेट की 1,13,340 रुपये चल रही है। चांदी की कीमत 2,49,900 रुपये किलो पर ट्रेड कर रही है।
क्या मिल रहे हैं संकेत
विश्लेषकों ने कहा कि इस हफ्ते सोने और चांदी के एक दायरे में, लेकिन सकारात्मक रुझान के साथ कारोबार करने की संभावना है। कारण है कि निवेशक पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और प्रमुख वैश्विक व्यापक आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे। मार्केट पार्टिसिपेंट्स आगे के संकेतों के लिए हफ्ते के मध्य में आने वाले भारतीय रिजर्व बैंक के मौद्रिक नीति निर्णय पर भी फोकस बनाए रखेंगे।

