नई दिल्ली। यूएई में सोने की कीमतों में हालिया गिरावट ने बाजार में नई जान फूंक दी है। कई हफ्तों तक ऊंचे स्तर पर रहने के बाद अब गोल्ड रेट में तेज गिरावट देखने को मिली है, जिससे खरीदारों के लिए बड़ा मौका बन गया है। ईद-उल-फितर से ठीक पहले आई इस गिरावट ने दुबई के गोल्ड मार्केट में जबरदस्त रौनक लौटा दी है।
खलीज टाइम्स के मुताबिक यूएई में 24 कैरेट सोना अब करीब 554 दिरहम प्रति ग्राम पर आ गया है, जो इस महीने की शुरुआत में 640 दिरहम के पार पहुंच गया था। यानी कीमतों में 80–90 दिरहम तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं 22 कैरेट सोने में भी 80 दिरहम से ज्यादा की कमी आई है, जिससे ज्वैलरी खरीदना काफी सस्ता हो गया है। एक ही दिन में 30 दिरहम तक की गिरावट यह दिखाती है कि बाजार में तेज सुधार हुआ है।
ईद से पहले बढ़ी भीड़
इस गिरावट का समय बेहद अहम है क्योंकि ईद-उल-फितर नजदीक है। दुबई के मशहूर Gold Souk और ज्वैलरी बाजारों में अब खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। खासकर शादी की तैयारी करने वाले परिवार, गिफ्ट खरीदने वाले ग्राहकों में उत्साह है। हल्के वजन के आभूषण लेने वाले कई ग्राहक इस गिरावट को “अभी खरीदें” का सही मौका मान रहे हैं।
क्यों गिर रहे हैं दाम
टाइम्स ऑफ इंडिया के मतुाबिक सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे कई वैश्विक कारण हैं जैसे, रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद मुनाफावसूली हो रही है। डॉलर और ब्याज दरों का असर, वैश्विक बाजारों में अस्थिरता और तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव।
हालांकि आमतौर पर भू-राजनीतिक तनाव सोने को मजबूत करता है, लेकिन इस बार निवेशकों की बदलती रणनीति के कारण कीमतों में गिरावट आई है।
ग्लोबल फैक्टर्स का बड़ा असर
दुबई दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ट्रेडिंग हब में से एक है, इसलिए यहां की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार से सीधे प्रभावित होती हैं। जैसे, मिडिल ईस्ट तनाव, सप्लाई चेन में बाधा, मुद्रा में उतार-चढ़ाव। इन सभी कारणों ने कीमतों को अस्थिर बना दिया है।
खरीदारों के लिए सुनहरा मौका
कम कीमतों के कारण की बात करें तो ज्वैलरी खरीद सस्ती हुई तो बड़े आभूषण लेने की क्षमता बढ़ी है। खरीदार जल्दी खरीदारी कर रहे हैं। रिटेलर्स का कहना है कि कई ग्राहक अपनी योजना से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं, ताकि कीमतें फिर बढ़ने से पहले फायदा उठाया जा सके।

