GATE कल से चार दिनों तक, जानें सवालों के प्रकार और जरूरी नियम

0
4

नई दिल्ली। GATE 2026 : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (IIT Guwahati) ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी गेट 2026 की परीक्षा 7 फरवरी से आयोजित करेगा। यह परीक्षा 8, 14 और 15 फरवरी को भी देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अलग-अलग शिफ्ट में होगी।

इस बार परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जा रही है और कुल 30 पेपर शामिल हैं। इंजीनियरिंग साइंसेज (XE) के अंतर्गत एनर्जी साइंस नाम से नया सेक्शनल पेपर भी जोड़ा गया है।

हर पेपर की अवधि तीन घंटे की होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। परीक्षा शुरू होने से 40 मिनट पहले एंट्री शुरू हो जाएगी, जबकि उम्मीदवार 20 मिनट पहले सिस्टम में लॉगिन कर जरूरी निर्देश पढ़ सकेंगे।

परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा और एग्जाम खत्म होने से पहले बाहर जाने की अनुमति भी नहीं होगी।

गेट 2026 में पूछे जाएंगे तीन तरह के प्रश्न
इस बार उम्मीदवार एक या दो पेपर के लिए परीक्षा दे सकते हैं। हर प्रश्न पत्र में ऑब्जेक्टिव टाइप के तीन प्रकार के सवाल होंगे-

  • एमसीक्यू (Multiple Choice Questions)
  • एमएसक्यू (Multiple Selection Questions)
  • एनएटी (Numerical Answer Type)
  • एमसीक्यू में चार विकल्प होंगे, जिनमें से केवल एक सही होगा। गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।
  • एमएसक्यू में एक से अधिक विकल्प सही हो सकते हैं। इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, लेकिन आंशिक अंक भी नहीं मिलेंगे।
  • एनएटी प्रश्नों में उम्मीदवारों को ऑन-स्क्रीन कीपैड से संख्यात्मक उत्तर दर्ज करना होगा और इनमें भी नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
  • उदाहरण से समझें सवालों का पैटर्न
    एमसीक्यू के उदाहरण में पूछा जा सकता है कि गेट 2026 का आयोजन कौन-सा संस्थान कर रहा है, जिसका सही उत्तर आईआईटी गुवाहाटी होगा।
  • एमएसक्यू में जैसे 96 के गुणकों से जुड़े सवाल दिए जा सकते हैं, जहां सही विकल्पों का पूरा संयोजन चुनना जरूरी होगा।
  • एनएटी प्रश्नों में गणितीय या इंजीनियरिंग कैलकुलेशन आधारित सवाल होंगे, जिनका उत्तर दशमलव सहित दर्ज करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि गणना के दौरान बीच में राउंड-ऑफ न करें और अंतिम परिणाम में ही इसे लागू करें।
  • उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने और समय पर केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।