fIITJEE पर पुलिस का शिकंजा; 300 बैंक खाते सील, मालिक गोयल तलब

0
30

नई दिल्ली। fIITJEE bank accounts seized फीस लेने के बाद कोर्स पूरा कराए बिना कोचिंग सेंटर बंद करने के मामले में फिटजी के अलग-अलग बैंकों में खुले 300 से अधिक खातों को नोएडा पुलिस ने फ्रीज करा दिया। सिर्फ आईसीआईसीआई बैंक में मिले 205 बैंक खातों में ही 60 लाख रुपये फ्रीज कराए गए। वहीं, नोटिस मिलने के बाद 31 शिक्षकों ने जवाब पुलिस को भेजे हैं, लेकिन संस्था के मालिक ने कोई जवाब नहीं दिया ।

इस मामले में छात्र और उनके अभिभावक डीसीपी नोएडा से भी मिले थे। इसके बाद पिछले दिनों सेक्टर-58 थाने में गौर सिटी निवासी सतसंग कुमार की शिकायत पर फिटजी के एमडी दिनेश कुमार गोयल, सेक्टर-62 सेंटर के हेड रमेश पार्थ हल्दर, मोनिका, राजीव हल्दर, साधू राम बंसल, रुस्तम दिनशा बाटलीवाला, शशिकांत दूबे, मोहित सरदाना, आनंद रमन पी के अलावा अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

सतसंग कुमार का शिकायत में कहा है कि उन्होंने अपने बच्चे का दाखिला जेईई की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर में कराया था, लेकिन बिना सूचना दिए सेंटर बंद कर दिया गया। संस्थान ने फीस की रकम भी वापस नहीं की । इसके चलते बच्चे का भविष्य अधर में लटक गया है।

डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि संस्थान के 300 से अधिक बैंक खाते सीज कराए गए हैं। अन्य खातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। 205 बैंक खातों में 60 लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए हैं। इसके अलावा फिटजी के मालिक दिनेश गोयल को पूछताछ के लिए नोटिस भेजकर थाने पर बुलाया गया है, लेकिन कोई जवाब नहीं आया है।

वहीं, इसके अलावा संस्थान छोड़ चुके 31 शिक्षकों को भी नोटिस भेजे गए थे, जिन्होंने लिखित में पुलिस को जवाब सौंप दिए हैं। अधिकतर शिक्षकों ने लंबे समय से वेतन न मिलने का आरोप संस्थान पर लगाया है। ये शिक्षक अब अन्य संस्थानों में पढ़ाते हैं। पुलिस ने इनके बयान भी दर्ज किए हैं। इस मामले में अब तक 350 से ज्यादा अभिभावकों के बयान दर्ज हो चुके हैं।

सेंटर पर 1500 से अधिक छात्र पंजीकृत
जब कोचिंग सेंटर को बंद किया गया इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोचिंग सेंटर की तरफ से अभिभावक या छात्र को कोई जानकारी नहीं दी गई। पुलिस के मुताबिक इस सेंटर पर 1500 से अधिक छात्र कोचिंग ले रहे थे। अधिकतर छात्रों के अभिभावकों की ओर से फीस की 95 प्रतिशत रकम जमा कराई जा चुकी है। इसके अलावा कई ने पूरा पैसा तक जमा कर दिया है। अभिभावकों का आरोप है कि फिटजी की तरफ से पूरी योजना के साथ ऐसा किया गया। नोएडा के अलावा गाजियाबाद और पटना में भी कोचिंग सेंटर को बंद किया गया।

छात्रों का 40 प्रतिशत ही कोर्स पूरा कराया
अभिभावकों ने बताया कि फीस पूरी लेने के बाद भी संस्थान द्वारा कोर्स अभी सिर्फ 40 प्रतिशत तक ही पूरा हुआ है। हमारी फीस वापस की जाए या फिर प्रतिशत कोर्स पूरा कराया जाए। केस दर्ज होने के बाद से प्रबंधक समेत अन्य का मोबाइल बंद हो गया था। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।

नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने भी बैंक खाते खंगाले
फिटजी का ग्रेटर नोएडा में भी सेंटर था, जिसे कुछ समय पहले बंद कर दिया गया था। वहां पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने नॉलेज पार्क थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि संस्थान के बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। इन्हें सीज किया जाएगा। मालिक और शिक्षकों के बयान दर्ज किए जाएंगे।