DOC Export: सोया खली के निर्यात में 10 महीने में 11 फीसदी का इजाफा

0
34

नई दिल्ली। Soya DOC Export: देश से खली निर्यात में सुस्ती देखी जा रही है। वर्ष 2024-25 की अप्रैल-जनवरी अवधि में खली निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। जनवरी महीने में भी खली निर्यात घटा है। पिछले वित्त वर्ष देश से खली का रिकॉर्ड निर्यात हुआ था। खली का कुल निर्यात भले घटा हो, लेकिन सोया खली के निर्यात में इजाफा हुआ है।

इसकी जर्मनी और फ्रांस जैसे यूरोपीय देशों से खरीद बढ़ना है। वर्ष 2024-25 की अप्रैल-जनवरी अवधि में 17.71 लाख टन सोया खली का निर्यात हुआ। पिछली समान अवधि में 15.86 लाख टन सोया खली का निर्यात हुआ था। इस तरह चालू वित्त वर्ष के 10 महीने में सोया खली के निर्यात में करीब 11 फीसदी इजाफा हुआ है। पिछले वित्त वर्ष रिकॉर्ड 21.33 लाख टन सोया खली का निर्यात हुआ था

वर्ष 2024-25 में कितना हुआ खली का निर्यात?
चालू वित्त वर्ष में भारतीय खली की निर्यात मांग में कमी देखने को मिल रही है। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 के अप्रैल-जनवरी अवधि में देश से 36.03 लाख टन खली का निर्यात हुआ, जो वर्ष 2023-24 की समान अवधि में निर्यात हुई 39.74 लाख टन खली से 9 फीसदी कम है। जनवरी महीने के दौरान खली के निर्यात में 5 फीसदी गिरावट दर्ज की गई। जनवरी में 4.52 लाख टल खली का निर्यात हुआ, पिछले साल जनवरी में यह आंकड़ा 4.77 लाख टन था।