Corona के मरीजों के लिए सरकार ने जारी किया Diet Plan, जानिए कैसा है

0
1133

नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के नए मामलों की संख्या हर दिन तेजी से बढ़ रही है। इस बीच इस संक्रमण से अधिक संख्या में लोग ठीक भी हो रहे हैं। कोविड से उबरने के बाद लोगों में थकान एक आम समस्या देखी जा रही है।

कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक होने के बाद थकान को दूर करने के लिए इंटरनेट पर बहुत सी डाइट और खाद्य पदार्थों की बाढ़ सी आ गई है। ये तेजी से इम्यूनिटी बढ़ाने का दावा करते हैं।

चीजों को आसान बनाने के लिए भारत सरकार की वेबसाइट MyGovIndia ने अपने ट्विटर हैंडल पर 5 ऐसे आहार शेयर किए हैं, जिससे इम्यूनिटी बढ़ती है और कोविड के बाद थकान से उबरने में मदद मिलती है।

भीगे बादाम और किशमिश
कोविड के थकान से बचने के लिए भीगे बादाम और किशमिश खाकर अपने दिन की शुरुआत करें। बादाम में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन होता है और किशमिश शरीर को अच्छा आयरन प्रदान करता है। इसलिए नियमित भीगे बादाम और किशमिश का सेवन फायदेमंद है।

रागी डोसा और दलिया
थकान को दूर करने के लिए रागी डोसा या एक कटोरी दलिया खाना सबसे बेहतर विकल्प है। यह सुबह के लिए एक अच्छा आहार है। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और थकान महसूस नहीं होती है।

गुड़ और घी
लंच के दौरान या बाद में गुड़ और घी का सेवन करना फायदेमंद है। पोषक तत्वों से भरपूर इस कॉम्बिनेशन को आप रोटी के साथ भी खा सकते हैं। ये तेजी से रिकवर होने में मदद करते हैं। गुड़ और घी दोनों ही शरीर को गर्म और मजबूत रखने में मदद करते हैं, वे कई प्रतिरक्षा बढ़ाने वाले गुणों से भी परिपूर्ण होते हैं।

डिनर में खिचड़ी खाएं
कोविड से उबरने के बाद रात का खाना अधिक भारी नहीं लेना चाहिए। डिनर में खिचड़ी खाना एक बेहतर विकल्प है। खिचड़ी में सभी तरह के जरूरी पोषक तत्व होते हैं और यह पेट के लिए हल्का होता है। कई सारे फायदों के अलावा खिचड़ी खाने से अच्छी नींद आती है।

लाइम जूस और बटरमिल्क
शरीर को अच्छी तरह हाइड्रेट करना बहुत जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने के अलावा घर पर बने लाइम जूस और बटरमिल्क का नियमित सेवन करें। इससे आप तरोताजा महसूस करेंगे और शरीर में जमा विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाएंगे।

इसके अलावा, विशेषज्ञों का कहना है स्ट्रॉबेरी, रास्पबेरी और स्थानीय वेरिएंट जैसे जामुन, कारवांडा में पर्याप्त एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी, मैंगनीज, फोलेट और कॉपर होते हैं। इन्हें आप नियमित अपने आहार में शामिल कर सकते हैं।