कोटा। कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव व कैट के प्रदेश सचिव अशोक माहेश्वरी एवं कोटा जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा ने रिलायंस के AJIO और फ्लिपकार्ट के स्वामित्व वाले Myntra द्वारा तुर्की ब्रांड्स की बिक्री रोकने के निर्णय को अत्यंत सराहनीय और देशहित में लिया गया एक मजबूत कदम बताया है।
उन्होंने बताया कि ऐसे समय में जब तुर्की खुलकर पाकिस्तान और भारत विरोधी एजेंडे का समर्थन कर रहा है, तब भारतीय कंपनियों द्वारा उसके आर्थिक हितों को झटका देना देशभक्ति और व्यापारिक विवेक का सटीक उदाहरण है।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतीया एवं महासचिव और सांसद डॉ. प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि AJIO और Myntra का यह कदम राष्टहित की भावना को सच्चे अर्थों में दर्शाता है।
अब वक्त आ गया है कि देश की सभी ई-कॉमर्स, रिटेल और FMCG कंपनियां भी इसी भावना के साथ आगे आएं और तुर्की, अज़रबैजान, पाकिस्तान जैसे राष्ट्रविरोधी देशों के ब्रांड्स या उत्पादों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला से हटाएं।
व्यापार केवल मुनाफे का खेल नहीं है, यह राष्ट्र की अखंडता और सम्मान से भी जुड़ा होता है। कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति के एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि जब देश की संप्रभुता पर सीधा या परोक्ष हमला होता है, तब हर व्यापारी और हर कंपनी की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपने व्यावसायिक निर्णयों को राष्ट्रीय हित के अनुरूप बनाएं।
उन्होंने भारत सरकार से भी आग्रह किया कि विदेश नीति के अनुरूप व्यापारिक प्रतिबंधों की रणनीति बनाते हुए ऐसे देशों से आयात को सीमित या नियंत्रित किया जाए। AJIO और Myntra ने जो शुरुआत की है, वह एक मिसाल है अब अन्य ब्रांड्स और प्लेटफॉर्म्स को भी राष्ट्रहित में इसे अपनाना चाहिए ।
कैट के प्रदेश सचिव अशोक माहेश्वरी व कोटा जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा ने बताया कि कोटा के व्यापारियों ने भी दोनों देशों का बॉयकाट करके वहां से माल मंगाना व बेचना बंद कर दिया है। साथ ही कई व्यापारी वर्ग अपने परिवार के साथ जो इन देशों में घूमने जाने वाले थे, उन्होंने भी अपनी बुकिंग निरस्त करवा दी है।

