कोटा। महावीर नगर प्रथम स्थित सफेद मंदिर में 24 फरवरी से 3 मार्च तक आयोजित होने वाले अष्ठानिका महापर्व के अंतर्गत श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान की पत्रिका का विमोचन मंगलवार को आर्यिका रत्न विशुद्धमति माताजी एवं उनकी शिष्या पट्ट गणिनी विज्ञमति माताजी ससंघ के सानिध्य में किया गया।
अध्यक्ष गुलाबचन्द लुहाड़िया एवं मंत्री मिलापचन्द ने बताया कि अष्ठानिका महापर्व के अंतर्गत आठ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन अत्यंत भव्य रूप में किया जाएगा। विधान के सभी पात्रों का चयन पूर्ण कर लिया गया है तथा विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु समितियों का गठन भी कर दिया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ 24 फरवरी को प्रातः ध्वजारोहण के साथ होगा।
अपने नियमित प्रवचन में पट्ट गणिनी विज्ञमति माताजी ने अंजना सती के कथानक का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं समृद्धि एवं लक्ष्मी का वास होता है। उन्होंने समाज से नारी सम्मान को जीवन का मूल संस्कार बनाने का आह्वान किया।
पत्रिका विमोचन के अवसर पर सकल समाज के कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, भागचंद लुहाड़िया, विमलचंद वर्धमान, पदम सेठी, रविन्द्र लुहाड़िया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

