बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरा: भारतीय किसान संघ

0
7
बारिश से शोभागपुरा, आडा गैला, लक्ष्मीपुरा, नीमसरा आदि गांव की फसलें बदहाल।

कोटा। संभाग भर में 2 दिन से हो रही और समय बारिश ने किसानों की मेहनत को पानी मे मिला दिया है। भारतीय किसान संघ ने सरकार से किसानों के हित में सम्भाग को आपदाग्रस्त घोषित करते हुए विशेष पैकेज जारी करने की मांग की है।

प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता तथा सम्भाग अध्यक्ष गिरीराज चौधरी ने बताया कि संभाग भर के विभिन्न गांवों में फसलें पूर्व में ही चौपट हो चुकी थी। रही सही कसर 2 दिन से हो रही असमय बारिश ने पूरी कर दी है।

जो फसलें चौपट होने से बच गई थी, अब वह भी कटकर या तो खेतों में तैरती हुई नजर आ रही हैं या फिर आड़ी पडकर पीली हो गई हैं। जिससे किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया है। जिलाध्यक्ष जगदीश कलमंडा तथा जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने बताया कि लहसुन के भाव पहले ही मंदे चल रहे हैं।

सोयाबीन बारिश में खत्म हो चुकी थी। अब धान भी इस जलजले में खत्म हो गई है। धरती पुत्र की पूरी साल की मेहनत पर पूरी तरह पानी फिर गया है। अब किसान खून के आंसू रोने को मजबूर हैं।

प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा और प्रान्त महिला प्रमुख रजनी धाकड़ ने कहा कि सरकार को किसान की बर्बाद होती फसलों पर ध्यान देना होगा। कोटा संभाग को आपदाग्रस्त घोषित कर संबल देना चाहिए।