आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज के 45वें दीक्षा दिवस पर हुआ भव्य पूजन
कोटा। जैन संत आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज का 45वां दीक्षा दिवस महावीर नगर द्वितीय स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज ससंघ सानिध्य में सेवा, साधना और समर्पण के रूप में मनाया गया।
मंदिर अध्यक्ष दर्पण जैन ने बताया कि इस पावन अवसर पर 45 इंद्र परिवारों द्वारा विशेष पूजन एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से भाग लिया और गुरु भक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पूजन के मुख्य यजमान का सौभाग्य चेतन कुमार, विशाल जैन एवं अर्पित कुमार सराफ को प्राप्त हुआ।
पार्षद गोपाल मंडा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सकल समाज के अध्यक्ष विमल जैन नांता ने भी आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज के ज्ञान, जनहित, करूणा व दया पर अपने विचार व्यक्त करते हुए पुष्पगिरी प्रणेता आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज की दिव्यता का बखान किया।
विनयांजलि सभा में प्रज्ञा सागर महाराज ने गुरु भक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु के उपकार का बदला चुकाना असंभव है, क्योंकि गुरु ही वह मार्गदर्शक होते हैं जो शिष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गुरू ही ज्ञान व अज्ञान के बीच के भेंद को बताकर शिष्य के जीवन में स्वज्ञान का प्रकाश लाते हैं और समझ को सकारात्मक रूख प्रदान कर उनके जीवन को सार्थक बनाते हैं।
आचार्य श्री प्रज्ञा सागर महाराज ने अपने प्रेरणादायी प्रवचनों में कहा कि श्रावकों को निरपेक्ष भाव से साधु-संतों की सेवा और पूजा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सच्चे समर्पण और निष्ठा के साथ यदि कोई साधु-संतों की सेवा करता है, तो वह अपने जीवन को सफल बना सकता है और आत्मिक शांति प्राप्त कर सकता है।
पोस्टर विमोचन
इस अवसर पर 2 मार्च को आयोजित विशेष दीक्षा दिवस कार्यक्रम के लिए पोस्टर विमोचन भी किया गया। पोस्टर विमोचन समारोह में यतीश खेड़ा, अर्पित जैन एवं गोपाल राम मंडा ने विमोचन किया और कार्यक्रम की भव्यता को दर्शाते हुए समाज के सभी लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया।
इस दिव्य आयोजन में सकल जैन समाज के अध्यक्ष विमल जैन नांता, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, महामंत्री विनोद टोरडी, राजेश मंगलम, ईश्वर सोनी एवं मनोज जयसवाल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।आचार्य श्री प्रज्ञा सागर महाराज शनिवार को प्रातः 7:30 बजे आके पूरम जैन मंदिर के लिए विहार करेंगे।

