Ramlila Manchan: श्रीराम की शरण में पहुंचे विभीषण, सेतुबंध की हुई स्थापना

0
6

कोटा। Kota Dussehra 2024: 131वें राष्ट्रीय मेला दशहरा 2024 के तहत श्रीराम रंगमंच पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। श्री श्यामा श्याम लीला संस्थान की ओर से शुक्रवार को विभीषण शरणागति, सेतुबंध, रामेश्वर स्थापना और अंगद रावण संवाद की लीला का मंचन किया गया।

दोहे और चौपाइयों के साथ विधिवत लीला का मंचन कराया गया। भारतीय जनता पार्टी के शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन तथा मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने श्रीराम, लक्ष्मण, सीता के प्रतिरूपों को माल्यार्पण एवं पूजन कर लीला का प्रारंभ करवाया।

लीला मंचन के दौरान दिखाया गया कि विभीषण अपने भाई रावण को समझाते हैं कि वह श्रीराम से संधि कर उनकी शरण में जाएं और सीता जी को लौटा दें। इस पर रावण क्रोधित होकर उन्हें ठोकर मारकर दरबार से बाहर कर देता है। इसके बाद विभीषण श्रीराम के पास जाकर शरण ले लेते हैं।

इसके अलावा रामसेतु लीला का भी मंचन हुआ। श्रीराम, रामेश्वर भगवान शिव की स्थापना कर पूजा करते हैं। इसके बाद सेतु निर्माण कार्य शुरू हो जाता है। सेतु बनने के बाद अंगद को लंका में शांति दूत बनाकर भेजा जाता है। वहां अंगद और रावण के बीच संवाद होता है।