180 डिग्री की व्यू-टनल में दिखेगी 200 तरह की मछलियों की अठखेलियां

0
7

कोटा। Kota Dussehra 2024 : 131वें राष्ट्रीय मेला दशहरा में अंडरवाटर का अहसास रोमांचित कर देगा। मेला परिसर में एक नए आकर्षण के तौर पर 180 डिग्री व्यू टनल बन रही है, जिसमें दो सौ से अधिक प्रजातियों की रंग-बिरंगी मछलियों की अठखेलियां नजर आएंगी। टनल से गुजरने पर गहरे समुद्र के अंदर पनडुब्बी में रहने जैसा एहसास होगा।

यहां भारतीय प्रजातियों के अलावा मलेशिया और सिंगापुर से भी मछलियों की प्रजातियां लाई जा रही है, जहां आधे इंच से लेकर 3 फीट तक की मछलियां दिखाई देंगी। टनल के अंदर कॉपर, ऑस्कर, कोई कॉरपस, शार्क पिराना, शार्क एलबिनो, टिन फॉयल, एंजिल्स, कलरफुल पैरेट, टेट्रा ओरिजीनस, एलीगेटर, गोल्ड फिशेज, रेड रूकीन, सब्सट्रैक्ट्स, पफर, स्क्रेट, टाइगर बार्ब्स समेत विभिन्न प्रजातियां देखने को मिलेगी।

टनल बनाने के लिए फिलहाल वातानुकूलित डोम तैयार कर दिया गया है। टनल से निकलने के बाद फिश एक्वेरियम भी लगाए जाएंगे, जिसमें विभिन्न प्रजाति की मछलियों को रखा जाएगा।

निशुल्क बस सेवा के लिए कलक्टर को लिखा पत्र
राष्ट्रीय मेला दशहरा 2024 में श्रीराम लीला मंचन और श्रीरामकथा वाचन के दौरान भक्तों को लाने ले जाने के लिए बसों की निशुल्क व्यवस्था करने के लिए मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने पत्र में कहा कि 3 से 13 अक्टूबर तक दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर रामलीला का मंचन तथा 17 से 23 अक्टूबर तक राम कथा का आयोजन होगा। इन आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बसों की व्यवस्था की जानी चाहिए। शहर में छह स्थानों से यह बसें श्रद्धालुओं को लेकर आयोजन स्थल पहुंचे तथा समापन पर वापस यथा स्थान छोड़ें।

इन छह स्थानों से मांगी बसें

  1. रेलवे वर्कशॉप कॉलोनी स्टेशन क्षेत्र,
  2. ग्राम दसलाना
  3. रामजानकी मंदिर केशवपुरा
  4. नदी पार क्षेत्र बीड़ के बालाजी
  5. शिवाजी पार्क के पास डीसीएम क्षेत्र
  6. श्रीनाथपुरम