यूनिपार्ट्स इंडिया का IPO 25.32 गुना सब्सक्राइब, 12 दिसंबर को होगा लिस्टेड

0
152

नई दिल्ली। Uniparts India IPO: यूनिपार्ट्स इंडिया के आईपीओ को इश्यू के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को 25.32 गुना सब्सक्राइब किया गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत 1,01,37,360 शेयरों की पेशकश पर 25,66,29,175 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) के हिस्से में सबसे अधिक 67.14 गुना सब्सक्रिप्शन मिला जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी को 17.86 गुना सब्सक्राइब किया गया। वहीं, रिटेल निवेशक (RII) सेगमेंट में केवल 4.61 गुना सब्सक्रिप्शन ही मिल पाया। कुल 1,44,81,942 शेयरों के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 548-577 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यूनिपार्ट्स ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 251 करोड़ रुपये जुटाए थे।

बाजार पर्यवेक्षकों के अनुसार, यूनिपार्ट्स इंडिया के शेयर शुक्रवार को ग्रे मार्केट में ₹45 के प्रीमियम (जीएमपी) पर उपलब्ध थे। कंपनी के शेयरों के सोमवार 12 दिसंबर, 2022 को स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।