15 बीमा एवं बैंक कंपनियों की 824 करोड़ रुपये की GST चोरी पकड़ी

0
242

नयी दिल्ली। जीएसटी अधिकारियों ने 15 बीमा कंपनियों, मध्यस्थों और बैंकों की 824 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी है। इन कंपनियों ने जाली बिल (इन्वॉयस) के जरिये यह कर अपवंचना की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस बारे में सूचना मिलने के बाद मुंबई में जीएसटी आसूचना अधिकारियों ने कई बीमा कंपनियों, मध्यस्थ इकाइयों, विपणन/ब्रांडिंग कंपनियों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) और बैंकों के परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान यह पता चला कि इन कंपनियों ने वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति किए बिना इनपुट कर क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया। अधिकारियों ने बताया कि 15 बीमा कंपनियां, मध्यस्थ इकाइयां, एनबीएफसी और बैंक कथित रूप से इस तरीके से जीएसटी की चोरी कर रहे थे। अभी तक करीब 824 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पता चला है।