100 से अधिक होलिका दहन समितियां को सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान

0
7

सर्व हिंदू समाज नवयुवक मंडल महासंघ का आयोजन

​कोटा। Sanatan Dharma Sanskriti Samman: सर्व हिंदू समाज नवयुवक मंडल महासंघ द्वारा आयोजित होली मिलन उत्सव एवं सम्मान समारोह रविवार को गीता भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोटा के विभिन्न वार्डों, कॉलोनियों और क्षेत्रों में होलिका दहन की परंपरा को जीवंत रखने वाले 100 से अधिक सामाजिक संगठनों एवं समितियों को सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान’से अलंकृत किया गया।

​समारोह के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि कोटा में पहली बार इस तरह का अनूठा प्रयास किया गया है। जहाँ मोहल्लों और गलियों में धर्म की अलख जगाने वाली टोलियों को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि होलिका दहन ऐसा धार्मिक अनुष्ठान है जो बुराई पर अच्छाई की जीत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

इन समितियों के कार्यकर्ता अपनी व्यस्तता के बावजूद समाज को एकजुट करने का जो कार्य कर रहे हैं, वह वंदनीय है। महासंघ का यह प्रयास उन जमीनी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करना है जो निस्वार्थ भाव से अपनी संस्कृति की सेवा में जुटे हैं।

​कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित होने वाली समितियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न भेंट किए। वही विशेष रूप से आदर्श होली संस्थान नयापुरा संस्थापक अध्यक्ष राकेश शर्मा राकू एवं उनकी टीम को होली पर पर्यावरण को लेकर अरावली बचाओ झांकी को प्रथम पुरस्कार स्वरूप सनातन धर्म संस्कृति की प्रतीक 11 किलो वजनी पीतल की गदा भेंट की गई।

वहीं द्वितीय पुरस्कार सरस्वती शारदा विकास समिति सिविल लाइंस के अध्यक्ष एडवोकेट शीतल प्रकाश मीणा एवं उनकी टीम को देश की आदर्श प्रमुख महिलाओं पर जीवंत झांकियां प्रस्तुत करने पर पीतल का 5 किलो वजनी 6 फुट का त्रिशूल भेंट किया गया।

मोजी बाबा महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजनों से हमारी वर्तमान पीढ़ी अपनी परंपराओं से जुड़ती है। वहीं युवाओं में सनातन धर्म के प्रति गौरव का भाव भी जाग्रत होता है।इस दौरान गीता भवन का परिसर होली के गीतों और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर नजर आया। जहाँ सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन प्रभारी राजाराम जैन कर्मयोगी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। ​

इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी, परमानंद गर्ग अश्वत्थामा दाधीच, अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, हेमंत सिंह, नरेश कारा, धर्मपाल सिंह, बृजनंदन गौतम, महेश पंचोली सहित महासंघ के अनेक पदाधिकारी और शहर के प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नरेश कारा एवं अश्वत्थामा दाधीच द्वारा किया गया।