कोटा। शिवपुरा हनुमान नगर व्यापारी समिति का होली मिलन समारोह भीतरिया कुंड पर सम्पन हुआ। शिवपुरा हनुमान नगर व्यापारी समिति के अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं महासचिव हर्मेन्द्र सिंह ने बताया समारोह के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे। विशिष्ठ अतिथि समिति के संरक्षक धीसासिंह चौहान एवं कैलाश शर्मा थे।
इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि अमेरिका इजरायल ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से पूरे विश्व में पेट्रोल- डीजल एवं एलपीजी गैस की भारी किल्लत महसूस की जा रही है। वर्तमान में व्यावसायिक सिलेंडर की उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिसकी वजह से शहर मे करीब 10 हजार से भी ज्यादा ढाबे वाले, हॉस्टल, मैस, होटल, रेस्टोरेंट, कचौड़ी, नमकीन, हलवाई कैटरिंग आदि का व्यवसाय चलाने वालों के सामने विकट समस्या खड़ी हो गई है।
कोटा व्यापार महासंघ निरंतर जिला कलेक्टर एवं जिला रसद अधिकारी से संपर्क बनाए हुए हैं। शीघ्र ही समस्या का हल निकल जाएगा। माहेश्वरी ने शिवपुरा हनुमान नगर व्यापार समिति अपने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए सदैव कार्य कर रही है। समिति के पदाधिकारी व्यापारियों के हितों के लिए कार्य करते आ रहे हैं। इन कार्यों के लिए उन्होंने वर्तमान कार्यकारणी की सराहना की।
इस अवसर पर शिवपुरा हनुमान नगर व्यापारी समिति के अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं सचिव हेमेंद्र सिंह ने बताया कि उनका क्षेत्र बाहरी कोटा में आता है। यहां काफी मात्रा में बाहरी लोगों का आवागमन होने पर यहां पर छोटे रेस्टोरेंट, ढाबे, चायपान, कचौड़ी, नमकीन की दुकानें हैं, लेकिन पिछले 10 दिनों से व्यावसायिक सिलेंडरों की अनुपलब्धता से इन सभी दुकानदारों के सामने अपना व्यवसाय बंद करने की स्थिति बन गई है।
उन्होंने व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है. क्योंकि बाजार में डीजल भट्टी एवं इलेक्ट्रिक भट्टी का स्टॉक लगभग खत्म सा हो गया है। इस अवसर पर आयोजित होली मिलन समारोह में 200 से व्यापारियों के साथ कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह एवं समस्त शिवपुरा हनुमान नगर के व्यापारियों ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी ।

