होलिका दहन समितियों को मिलेगा ‘सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान’

0
7

सर्व हिंदू समाज नवयुवक मंडल महासंघ का होली मिलन उत्सव कल

​कोटा। शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से ‘सर्व हिंदू समाज नवयुवक मंडल महासंघ’ द्वारा रविवार को दोपहर 3 बजे गीता भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

जिसमें कोटा के विभिन्न क्षेत्रों में होलिका दहन उत्सव का आयोजन करने वाले 100 से अधिक सामाजिक संगठनों को ‘सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का मौजी बाबा पावन धाम आश्रम पर महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती महाराज के पावन सानिध्य में विमोचन किया गया।

मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि कोटा में यह पहली बार है जब इतने बड़े स्तर पर होलिका दहन समितियों को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया जा रहा है। महासंघ के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में सक्रिय 100 से अधिक संगठनों से संपर्क साधकर उन्हें इस समारोह का निमंत्रण दिया है।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन सभी सामाजिक और धार्मिक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करना है। जो अपनी व्यस्तता के बावजूद सामूहिक रूप से पर्व मनाकर समाज में एकता और धर्म की अलख जगा रहे हैं।

​इस अवसर पर अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल के साथ टैक्स बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रामलाल विजय, आयोजन प्रभारी राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ रावण सरकार, परमानंद गर्ग ‘लंकेश’, अश्वत्थामा दाधीच, कवि रामेश्वर शर्मा ‘रामू’, अनिल कुमार शर्मा और महेश पंचोली सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।