होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में युवाओं से आगे का आह्वान: माहेश्वरी

0
3

कोटा। एलबीएस कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट द्वारा तलवण्डी स्थित एक होटल में होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण ले रहे सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ साथ नये बैच के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

एलबीएस ग्रुप के चेयरमेन कुलदीप माथुर एवं सीईओ ओमप्रकाश माथुर ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य अतिथि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी थे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता के रूप में माहेश्वरी ने कहा कि वर्तमान समय में होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर विश्व स्तर पर तेजी से उभर रहा है। यह अर्थव्यवस्था एवं रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुका है।

माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर लगातार आगे बढ़ रहा है। यहां होटल, रिसोर्ट एवं पर्यटन से जुड़े 70 से अधिक नए प्रोजेक्ट विकसित हो रहे हैं, जिसमें प्रशिक्षित युवाओं की मांग बढ़ेगी।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षण लेकर इस क्षेत्र में अपना करियर बनाएं। क्योंकि इसमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।

एलबीएस ग्रुप के चेयरमेन कुलदीप माथुर ने बताया कि हाड़ौती में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। उनके संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष 200 से 300 विद्यार्थियों को होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया जाता है, इस प्रशिक्षण में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ कमाई के अवसर भी प्राप्त होते हैं जिन्हें प्रशिक्षण के बाद तुरंत रोजगार के अवसर मिलते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट में योगदान देने वाले 50 से अधिक विद्यार्थियों को होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की ओर से प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही एलबीएस ग्रुप की ओर से होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी को कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के सफल आयोजन के लिए साफा, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर एलबीएस कालेज से होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहे विद्यार्थियों एवं नये विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत सोलो डांस, ग्रुप डांस एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। कार्यशाला में रैंप वॉक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें आकाश मेघवाल, राधिका पांचाल, ईश्वर सिंह एवं दिव्यांशी नामा गिरिश महावर को पुरस्कृत किया गया।