नई दिल्ली। हीरो मोटोकॉर्प ने भारत में करिज्मा XMR 210 के दो नए हाई-स्पेक वैरिएंट लॉन्च कर दिए हैं। मॉडल ईयर अपडेट के एक हिस्से के तौर पर 2025 हीरो करिज्मा XMR में कुछ मैकेनिकल और फीचर अपग्रेड किए गए हैं।
इसमें एक नया टॉप वेरिएंट और एक रेंज-टॉपिंग कॉम्बैट एडिशन है। इनकी एक्स-शोरूम कीमतें 2 लाख रुपए और 2.02 लाख रुपए तय की गई है। वहीं, बेस वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 1.81 लाख रुपए है।
2025 करिज्मा XMR में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन के साथ एक नया TFT कलर डिस्प्ले दिया है। डिस्प्ले में राइडर्स को कॉल और SMS अलर्ट, व्हीकल की बैटरी की स्थिति और म्यूजिक कंट्रोल करने की भी परमिशन मिलती है। एक और महत्वपूर्ण बदलाव टॉप वैरिएंट और कॉम्बैट एडिशन पर USD फ्रंट फोर्क्स के रूप में आता है। कॉम्बैट एडिशन में येलो हाइलाइट्स के साथ ग्रे और ब्लैक पेंट स्कीम है। यह कलरवे इसे स्पोर्टी लुक देता है और इसकी विजुअल अपील को कुछ हद तक बढ़ाता है।
करिज्मा XMR में 210cc, लिक्विड-कूल्ड, DOHC इंजन दिया है, जो 9,250 rpm पर 25 bhp का पावर और 7,250 rpm पर 20.4 Nm का टॉर्क बनाता है। पुराने मॉडल के इंजन ने फ्लैट मिड-रेंज की पेशकश करते हुए पीक परफॉरमेंस दी है। हीरो ने 2025 मॉडल पर अपने इंजन मैपिंग पर काम किया है या नहीं, यह केवल तभी सामने आएगा जब इस मोटरसाइकिल की टेस्टिंग के बाद रिव्यू सामने आएंगे।
फरवरी 2025 में हीरो स्प्लेंडर को 2 लाख से ज्यादा ग्राहक मिले। इस दौरान कंपनी की धांसू मोटरसाइकिल हीरो करिज्मा 210 को निराशा हाथ लगी। दरअसल, करिज्मा 210 को एक भी ग्राहक नहीं मिला। जबकि ठीक 1 साल पहले यानी फरवरी 2024 में करिज्मा 210 को कुल 2,128 लोगों ने खरीदा था। उससे भी ज्यादा चौंकाने वाला बात ये है कि नवंबर 2024 के बाद से इस मोटरसाइकिल की एक भी यूनिट नहीं बिकी।

