कोटा। हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए कोटा में 5 से 7 सितंबर तक रणोत्सव 3.0 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से हाड़ौती की पर्यटन संस्कृति, विरासत और एडवेंचर गतिविधियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस आयोजन में देश-विदेश के करीब 150 मोटरसाइकिल राइडर्स एवं 30 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भाग लेंगे, जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं। यह सभी प्रतिभागी हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
इस आयोजन को होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा हाड़ोती के पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए पूर्ण सहयोग दिया जा रहा है। इस आयोजन की राज्यस्तरीय टीम के गौरव सोनी, प्रवीण बिष्ट, वेद चौधरी, जितेंद्र बेदी, सुखविंदर सिंह जग्गू एवं पंकज पुरसवानी ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष आयोजित किया जाता है।
पूर्व में जयपुर, अजमेर एवं पुष्कर में सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इस बार तीसरा आयोजन उदयपुर में प्रस्तावित था, लेकिन होटल फेडरेशन के प्रयासों एवं सहयोग से इसे कोटा में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हाड़ौती के पर्यटन स्थलों, संस्कृति और एडवेंचर गतिविधियों को वैश्विक पहचान दिलाना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
इस आयोजन में देश के मोटर साइकिल राईडर्स के साथ साथ कनाडा, रूस, इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर सहित कई देशों के राइडर्स ने भी भाग लेने की सहमति दे दी है जो राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की मोटरसाइकिलों से हजारो किलोमीटर की यात्रा करके कोटा आएंगे।
इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान सभी राईडर्स प्रतिभागी कोटा सहित हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे और रील्स बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश में इसका प्रचार करेंगे। इस आयोजन के पोस्टर का विमोचन होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हाड़ौती के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और बाहरी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन के प्रयासों से राजस्थान पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित टूर पैकेज में हाड़ौती को भी शामिल किया गया है।

