नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को हमला किया गया। जनसुनवाई के दौरान गुजरात से आए एक शख्स ने रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने मुख्यमंत्री पर कई बार हाथ उठाया। सूत्रों के मुताबिक राजेश खिमजी ने रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा और बाल भी खींचे।
उसने सीएम को धक्का दिया और चोट पहुंचाने की भरसक कोशिश की। बताया जा रहा है कि राजेश करीब 1.20 मिनट यानी 80 सेकेंड तक हमलावर रहा। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उसे दबोचने की कोशिश करते रहे और वह सीएम पर हमले की।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को हाथ, कंधे और सिर में चोट आई है। पुलिस केस होने की वजह से एमएलसी कराई जा रही है। प्रवेश वर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी बताया कि आरोपी रेकी में जुटा हुआ था। उन्होंने कहा, ‘पुलिस जांच कर रही है कि उसकी क्या साजिश थी। पता लगा है कि वह 24 घंटे से रेकी कर रहा था। वह उनके शालीमार वाले घर तक पहुंचा था और भी रेकी की। सिविल लाइंस इलाके में रात गुजारी। उसने मिलते ही मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया।’
प्रवेश वर्मा ने यह भी कहा कि उसने मुख्यमंत्री पर हमला करने के बाद कुछ समय तक उन्हें नहीं छोड़ा। उसने सीएम के बाल पकड़ लिए थे। पुलिस और अन्य लोगों ने छुड़वाने की काफी कोशिश की। किसी तरह से मुख्यमंत्री को छुड़ाया गया। क्या हमलावार डॉग लवर था? इस सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि अभी पुलिस की जांच चल रही है, अभी कुछ भी कहना ठीक नहीं है।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर यह अच्छा लगा कि उनका हौसला उतना ही है। उन्होंने कहा कि मेरी जनसुनवाई, जनसंपर्क, दिल्ली के लिए समर्पण, सारे वादे, उनके लिए दिन रात काम करती रहेंगी। मंत्री ने कहा कि उन्होंने आज स्वास्थ्य लाभ लेने की गुजारिश की। प्रवेश वर्मा ने कहा कि अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि यह राजनीतिक साजिश है या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
कौन है हमला करने वाला
आरोप का नाम राजेश खिमजी है और वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। गुजरात पुलिस भी जांच में जुटी है। राजेश ने मुख्यमंत्री पर क्यों हमला किया, इसको लेकर दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। राजकोट में राजेश की मां और कुछ पड़ोसियों ने बताया है कि राजेश पशु प्रेमी है।
इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि कुत्तों के खिलाफ हाल में सुप्रीम कोर्ट से आए फैसले को लेकर वह नाराज था। वहीं, एक थ्योरी यह भी सामने आ रही है कि उसका कोई परिजन जेल में बंद है और इसी सिलसिले में वह नाराज था। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर बुधवार को सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके ऑफिस पर आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला करने वाले के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि मामले की छानबीन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल करेगी। इस केस में IB भी एक्टिव हो गई है। इस बीच एक सनसनीखेज जानकारी सामने आई है कि हमलावर ने एक शख्स से फोन पर बात की थी।
24 घंटे पहले से हमले की तैयारी
सीएम रेखा गुप्ता पर हमला सुबह करीब आठ बजकर 15 मिनट पर हुआ। इस बीच पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया है कि शालीमार बाग स्थित रेखा गुप्ता के आवास से मिले सीसीटीवी फुटेज बताते हैं कि मुख्यमंत्री पर हमला एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। सीसीटीवी फुटेज से साफ पता चलता है कि हमलावर ने हमले की तैयारी कम से कम 24 घंटे पहले से शुरू कर दी थी। फुटेज में आरोपी मुख्यमंत्री आवास की ओर जाता दिखाई दे रहा है।

